मुझे बर्खास्त करने की कोई जरूरत नहीं है, मैं इस्तीफा दे चुका हूं और OBC के लिए आखिरी दम तक लड़ता रहूंगा – छगन भुजबल
अजित पवार गुट के मंत्री की अपने ही सरकार पर नाराजगी। भुजबल बोले दो महीने चुप रहा, मराठा आरक्षण के खिलाफ नहीं, लेकिन मौजूदा OBC कोटे को न छेड़ें
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राकांपा अजित पवार गुट के नेता छगन भुजबल ने शिंदे सरकार के मराठा आरक्षण के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अहमदनगर में आयोजित एक रैली में कहा कि मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मैंने 16 नवंबर 2023 को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। वजह ये थी कि सरकार ने OBC कोटे में मराठाओं को पिछले दरवाजे से एंट्री दी।
भुजबल ने ये भी कहा कि मैं इस्तीफे को लेकर दो महीने से चुप रहा, क्योंकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इस बारे में बोलने से मना किया था। मैं मराठा आरक्षण का विरोधी नहीं हूं, लेकिन राज्य में जो OBC कोटा है, उसे मराठाओं के साथ शेयर करने के खिलाफ हूं।
दरअसल 27 जनवरी 2024 को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे की मांगें मान ली थीं। इसके साथ ही मराठाओं को OBC कोटे में शामिल कर उन्हें आरक्षण देने का ऐलान किया था। भुजबल इसके विरोध में थे। इसके बाद शिंदे सरकार में भाजपा के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने भुजबल से इस्तीफे की मांग की थी।
इसे लेकर भुजबल ने कहा कि मुझे बर्खास्त करने की कोई जरूरत नहीं है,मैं इस्तीफा दे चुका हूं और OBC के लिए आखिरी दम तक लड़ता रहूंगा। राज्य में OBC की जनसंख्या 54% से 60% है, फिर भी विधायकों और सांसदों को मराठा वोट खोने का डर लग रहा है।
उधर भुजबल के बयान पर रविवार को शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राऊत ने कहा कि अगर कोई अपनी ही सरकार के खिलाफ कुछ बोलता है, तो उसे केबिनेट में रहने का अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को उसे तुरंत बर्खास्त करना चाहिए।
शिंदे सरकार के मराठा आरक्षण की मांग को मानने के बाद छगन भुजबल ने 29 जनवरी को कहा था कि OBC समाज से मुंह का निवाला खींचने की कोशिश की जा रही है। हम मराठाओं के आरक्षण का विरोध नहीं कर रहे, लेकिन OBC कोटे से आरक्षण लेने की कोशिश की गई है। OBC आयोग अब मराठा आयोग हो गया है। मराठा समुदाय के लिए जो अधिसूचना जारी की गई है, उसे रद्द किया जाना चाहिए।
मामला बिगड़ता देख 29 जनवरी को ही उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि OBC समुदाय के साथ अन्याय नहीं होगा, मैं भुजबल से बात करूंगा। वे अपनी आपत्ति दर्ज करवाएं। अगर OBC समुदाय के साथ कहीं भी अन्याय होता होगा तो उसमें सुधार किया जाएगा।