जो देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने निकले थे, खुद भ्रष्टाचारियों की पार्टी के मुखिया बन बैठे हैं – संजय राऊत
अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होते ही भाजपा पर जमकर बरसे संजय राऊत। कहा अब झटका लगेगा तो केवल भाजपा को, हम मवीआ की राज्यसभा सीट जीत कर दिखाएंगे
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, जो कल तक महाविकास अघाड़ी के साथ थे और लोकसभा की सीट आवंटन और राज्यसभा की रणनीति तय करते थे, आज आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कर गये। शिवसेना ठाकरे गुट के नेता संजय राऊत ने पार्टी में प्रवेश के बाद अशोक चव्हाण को किनारे कर भाजपा पर कटाक्ष किया। राऊत ने कहा कि आदर्श मामले को लेकर अशोक चव्हाण पर आरोप लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी में चार दशक से अधिक समय बिताने के बाद वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण यह कहते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए कि समय के साथ नए विकल्प की तलाश की जानी चाहिए। उन्होंने मंगलवार को मुंबई स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, मंत्री गिरीश महाजन और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार की उपस्थिति में आधिकारिक तौर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसी को लेकर मीडिया ने संजय राऊत से सवाल पूछा था इसके जवाब में संजय राऊत ने चव्हाण और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल से महाविकास अघाड़ी पर कोई असर नहीं पड़ेगा, झटका लगा तो अब भाजपा को लगेगा। संजय राऊत ने कहा कि राज्य भर से भ्रष्टाचार के आरोपियों को इकट्ठा करना और पार्टी को बढ़ाना देश में पहली बार हो रहा है। देश भ्रष्टाचार मुक्त कराने चली थी भाजपा, अब खुद ही इतने भ्रष्टाचारियों का कीचड़ संभाल रही है। उन्होंने आलोचकों को भी जवाब देते हुए कहा कि इससे हमें कोई झटका नहीं लगेगा, साथ ही उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि हम राज्यसभा चुनाव के लिए महा विकास अघाड़ी की सीट जीत कर रहेंगे।
वह कल तक हमारे साथ थे, चाय पी रहे थे, चर्चा कर रहे थे, अब अचानक चले गये। केंद्र सरकार की ओर से जारी श्वेत पत्र में अशोक चव्हाण से जुड़े आदर्श घोटाले का जिक्र किया गया और चार दिन के अंदर ही अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फड़णवीस को झूठे आरोप लगाने के लिए पुरे देश से माफी मांगनी चाहिए।