नशे की लत के लिए दंपत्ति ने अपने ही बच्चों को बेच दिया
नशेड़ी दंपत्ति ने 2 साल का बेटा 60 हजार तो 2 महीने की मासूम को 14 हजार में बेचा। क्राइम ब्रांच यूनिट 9 की टीम ने दंपत्ति समेत 4 को किया गिरफ्तार
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – नशा जिंदगी तबाह कर देती है और इसकी लत कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका एक बड़ा उदाहरण मुंबई में देखने को मिला है। यहां पति-पत्नी द्वारा ड्रग्स के लिए पैसा न होने पर अपने ही बच्चे को बेच देने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी लगते ही कड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 9 ने 4 लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुंबई के अंधेरी इलाके में एक दंपत्ति द्वारा नशे की लत के लिए पैसे जुटाने के लिए अपने ही दो बच्चों को बेचने देने की घटना सामने आई है। जैसे ही इसकी जानकारी लड़के के परिवार वाले को हुई तो पूरा मामला सामने आ गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दंपत्ति और चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी दंपत्ति ने लड़के को 60 हजार रुपये और एक महीने की बच्ची को 14 हजार रुपये में बेचा था।
नशे के लिए बच्चों को बेचने के मामले में पुलिस ने शब्बीर खान, उसकी पत्नी सानिया, उषा राठौड़ और शकील मकरानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि शब्बीर और सानिया नशे के आदी थे, वह नशे के बिना नहीं रह पाते थे। उसी समय आरोपी महिला राठौड़ उसके संपर्क में आई, उसने खान दम्पति को अपना पहला बेटा बेचने के लिए तैयार किया और दो साल का बेटा हुसैन और एक महीने 22 दिन की बेटी को बेच दिया। जिस व्यक्ति को दोनों बच्चों को बेचा गया उसकी पहचान की जानी बाकी है।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी शब्बीर की बहन रूबीना खान को जब इस बारे में पता चला तो वह हैरान रह गई। वह अपने भाई की इस करतूत पर नाराज हुईं और तुरंत डीएन नगर पुलिस स्टेशन पहुंच गई। महिला ने भाई-भाभी के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करायी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट 9 को ट्रांसफर कर दी गई।