डोंबिवली में युवती के साथ दो लोगों ने किया दुष्कर्म
एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
आकीब शेख
कल्याण – डोंबिवली के विष्णुनगर थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म की घटना ने खलबली मचा दी है। दो लोगों ने युवती को घर में अकेला पाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संभोग किया। इस घटना में विष्णुनगर पुलिस ने 22 वर्षीय दिनेश अर्जुन गडरी उर्फ बबलू और 30 वर्षीय सुनील बापू राठौड़ के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर लिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने दिनेश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सुनील फरार बताया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह घर में अकेली थी उसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे अपना शिकार बनाया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवती और आरोपी एक दूसरे की जान-पहचान में है। युवती किसी काम से आरोपी के घर गई थी। लेकिन घर में कोई मौजूद नहीं था। उसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने दरवाजे की कुंडी लगा दी फिर बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। जैसे-तैसे युवती वहां से बचकर भाग निकली। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। विष्णुनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलहाल दिनेश गडरी पुलिस की गिरफ्त में है और सुनील की तलाश जारी है।