मुंबई एयरपोर्ट से दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार
दोनों पर विदेशी मुद्रा की तस्करी का आरोप। 1 करोड़ 15 लाख रूपये मूल्य के 100 अमेरिकी डॉलर जब्त
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई : सीमा शुल्क विभाग ने शनिवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्डे से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो विदेशी मुद्रा की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। उनके पास से 40 लाख रुपये के अमेरिकी डॉलर जब्त किए गए हैं और दोनों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार विदेशी नागरिकों की पहचान मकोतो तानी – 47 और गुन्यापुनिसा फुनासेट – 41 के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि इनमें से तानी जापान के ओसाका का रहने वाला है, जबकि महिला फुनासेह बैंकॉक, थाईलैंड की रहने वाली है। अधिकारी ने बताया कि दोनों के पास से 100 अमेरिकी डॉलर के 1,415 नोट जब्त किए गए और इनकी कीमत 1 करोड़ 15 लाख 39 हजार रुपये है। सूत्रों के मुताबिक सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) को गुरुवार को सूचना मिली कि दो विदेशी नागरिक थाई एयरवेज की फ्लाइट से बैंकॉक के लिए अवैध रूप से विदेशी मुद्रा ले जा रहे हैं। उस जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर जाल बिछाया।
दोनों विदेशी नागरिकों की गतिविधियां संदिग्ध होने पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उनकी तलाशी ली। उसके नीले बैग से 1,415 अमेरिकी डॉलर मिले। जब इस बारे में पूछताछ की गई तो दोनों ने कस्टम विभाग को कोई दस्तावेज नहीं सौंपे। इसके बाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने विदेशी मुद्रा जब्त कर ली। साथ ही इन दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान विदेशी मुद्रा की तस्करी की बात स्वीकार करने के बाद सीमा शुल्क अधिकारियों ने दोनों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सीमा शुल्क अधिनियम के साथ-साथ फेमा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीमा शुल्क अधिकारी मामले में आगे की जांच कर रहे हैं।