राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद अब मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भी दलित चेहरा 

Spread the love

राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद अब मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भी दलित चेहरा 

मुंबई महानगर पालिका चुनाव के मद्देनजर, भाई जगताप की जगह वर्षा गायकवाड को मुंबई कांग्रेस की कमान 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई : आगामी मुंबई महानगर पालिका चुनाव के मद्देनजर मुंबई कांग्रेस में बड़े बदलाव किए गए हैं और मौजूदा अध्यक्ष भाई जगताप को पद से हटा दिया गया है। भाई जगताप के स्थान पर पार्टी नेता और पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़ को नियुक्त किया गया है। कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में एक पत्र निकालकर पार्टी के फैसले की घोषणा की है।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुंबई महानगर पालिका का चुनाव सभी राजनीतिक दलों के गरिमा का विषय बन गया है। इसी तरह कांग्रेस ने भी इस चुनाव के लिए कमर कस ली है और भाई जगताप की जगह वर्षा गायकवाड़ के रूप में पार्टी में किसी महिला चेहरे को मौका दिया है। साथ ही कहा जा रहा है कि कांग्रेस गायकवाड़ के जरिए शहर के दलित वोटरों को साधने की कोशिश कर रही है।

वर्षा गायकवाड़ महाविकास अघाड़ी सरकार में स्कूल शिक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री के पद पर रह चुकी हैं। वह धारावी विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा विधायक हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर 2004 से लगातार चार बार निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने पांच साल तक प्रोफेसर के रूप में काम किया है। वह कांग्रेस के पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़ की बेटी हैं।

अशोक जगताप को भाई जगताप के नाम से जाना जाता है। भाई जगताप के राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र आंदोलन से हुई। भाई जगताप कांग्रेस के टिकट पर विधान परिषद के विधायक हैं। विधायक के रूप में जगताप का यह दूसरा कार्यकाल है। वे पहले भी विधान सभा के लिए चुने गए थे, लेकिन पिछला चुनाव हार गए थे। भाई जगताप को अप्रैल 2021 में मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में चुना गया था। भाई जगताप को मुंबई महानगर पालिका चुनाव के लिए कांग्रेस के आक्रामक चेहरे के रूप में नियुक्त किया गया था। लेकिन अब लगता है कि चुनाव से पहले ही उन्हें हटा .दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon