महाराष्ट्र में मवीआ का बड़ा दांव, भाजपा के सामने खड़ी कर दी बड़ी चुनौती

Spread the love

महाराष्ट्र में मवीआ का बड़ा दांव, भाजपा के सामने खड़ी कर दी बड़ी चुनौती

मवीआ ने संयुक्त तौर पर कोल्हापुर लोकसभा सीट पर छत्रपति शाहू महाराज को प्रत्याशी बनाने का किया फैसला। यह सीट भाजपा के लिए हमेशा से रही है चुनौतिपूर्ण 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की अगुवाई वाली महाविकास अघाड़ी (मवीआ) को मनोवैज्ञानिक तौर पर बड़ी सफलता मिल गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक छत्रपति शाहू महाराज कोल्हापुर लोकसभा सीट से लड़ने के लिए राजी हो गए हैं। महाविकास अघाड़ी (मवीआ) के सभी घटक दल छत्रपति शाहू महाराज को समर्थन देंगे। महाविकास अघाड़ी से जुड़े नेताओं के अनुसार छत्रपति शाहू महाराज कांग्रेस के चुनाव-चिन्ह पर ही चुनाव लड़ेंगे। शाहू महाराज का कोल्हापुर के साथ पूर महाराष्ट्र और खासकर मराठा समाज में काफी ज्यादा सम्मान है। मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान पिछले साल अक्टूबर में शाहू महाराज ने मनोज जरांगे से भी मुलाकात की थी। तब जरांगे ने कहा था कि शाहू महाराज सिर पर हाथ घुमाते हैं तो हाथी का बल मिलता है।

2019 के लोकसभा चुनावों में कोल्हापुर की सीट पर भाजपा – शिवसेना गठबंधन को जीत मिली थी। पार्टी ने राकांपा नेता धनजंय महाडीक को 2.70 लाख वोटों से हराकर सीट पर कब्जा जमाया था। इस सीट से अविभाजित शिवसेना के उम्मीदवार संजय सदशिव मांडलिक सांसद बने थे। 2014 में यह सीट राकांपा के पास थी तब धनजंय महाडीक जीते थे। महाविकास अघाडी (मवीआ) की तरफ से छत्रपति शाहू महाराज की उम्मीदवारी तय किए जाने के बाद पूर्व सांसद संभाजी राजे छत्रपति ने महाराज के समर्थन का ऐलान किया है। संभाजीराजे 2016 से 2022 के बीच राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। वे छत्रपति शिवाजी महाराज के 13वें प्रत्यक्ष वंशज और कोल्हापुर के राजर्षि छत्रपति शाहू के परपोते के रूप में कोल्हापुर शाही परिवार के उत्तराधिकारी हैं। 11 जून 2016 को उन्हें भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किया गया था।

संभाजी राजे ने 12 मई 2022 को एक सामाजिक संगठन स्वराज्य संगठन की स्थापना की थी। पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि स्वराज्य संगठन लोकसभा चुनाव मैदान में उतरेगा। संभाजी राजे छत्रपति ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि वह महाराज के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। संभाजी राजे से जब महाराज की उम्र का हवाला दिया गया तो उन्होंने जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की उम्र कितनी है? इसके बाद संभाजी राजे ने कहा कि हम सब मिलकर कोल्हापुर और शाहू महाराज की इच्छा पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि शाहू महाराज हमारे लिए सब कुछ हैं।

1952 से लेकर कोल्हापुर की सीट पर भाजपा को कभी भी जीत नहीं मिली है। इस सीट पर कांग्रेस पार्टी के बाद राकांपा और बीच में दो बार पीसंट्स एंड वर्कर्स पार्टी ऑफ़ इंडिया (पीडब्लूपीआई) पार्टी को जीत मिली हैं। 2019 में पहली बार शिवसेना ने यहां से जीत दर्ज की थी। अब देखना यह है कि इस सीट से महायुति की तौर मौजूदा सांसद संजय मांडलिक किस सिंबल पर चुनाव लड़ते हैं, पिछली बार वे शिवसेना से जीते थे। बीच में खबरें आई थी कि उन्हें भाजपा के सिंबल पर लड़ना होगा। मांडलिक ने शाहू महाराज के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा था कि उन्होंने हमेशा उन्हें पितातुल्य माना है। अगर कोल्हापुर से छत्रपति शाहू महराज चुनाव लड़ते हैं तो इस सीट पर सत्तारूढ़ महायुति को नए सिरे से रणनीति बनानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Right Menu Icon