उल्हासनगर फायरिंग प्रकरण में फरार विक्की गणात्रा गिरफ्तार

उल्हासनगर फायरिंग प्रकरण में फरार विक्की गणात्रा गिरफ्तार

एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने हिरासत में लेकर हिललाइन पुलिस के हवाले किया

केंद्रीय मंत्री कपिल पाटील के करीबी माने जाते है गणात्रा

आकीब शेख

कल्याण – उल्हासनगर फायरिंग प्रकरण में फरार कल्याण के मशहूर कारोबारी विक्की गणात्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विक्की गणात्रा को केंद्रीय मंत्री कपिल पाटील का करीबी माना जाता है, जो उल्हासनगर फायरिंग प्रकरण में गोलीबारी करने वाले भाजपा विधायक गणपत गायकवाड के साथ मौजूद थे। गोलीकांड के बाद से वह फरार चल रहे थे, लेकिन ठाणे एक्सटॉर्शन सेल ने बुधवार को विक्की गणात्रा को ढूंढ निकाला और हिरासत में लेकर हिललाइन पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया। बतादें कि 2 फरवरी को उल्हासनगर के हिललाइन थाने में बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड ने शिवसेना (शिंदे) के कल्याण पूर्व शहर प्रमुख महेश गायकवाड और राहुल पाटील पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थी, जिसमें महेश गायकवाड को छह गोली और राहुल पाटील को दो गोली लगी थी। फायरिंग के सीसीटीवी में भाजपा पदाधिकारी एवं कल्याण के प्रसिद्ध कारोबारी विक्की गणात्रा विधायक के साथ थाना इंचार्ज के केबिन में नजर आ रहे हैं। इस घटना में पुलिस ने मौका-ए-वारदात से विधायक गणपत गायकवाड, हर्षल केने और संदीप सरवनकर को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि इस मामले में विधायक के सुपुत्र वैभव गायकवाड सहित विक्की गणात्रा और नागेश बड़ेकर नामक आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही थी। इस बीच एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने विक्की गणात्रा को गिरफ्तार कर लिया है, और दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon