कन्हैया कुमार पर दांव लगाएगी कांग्रेस, राज्यसभा भेजने पर मंथन 

Spread the love

कन्हैया कुमार पर दांव लगाएगी कांग्रेस, राज्यसभा भेजने पर मंथन 

राज्यसभा में कुमार केतकर की जगह ले सकते हैं कन्हैया कुमार। 2019 में लोकसभा चुनाव हार गये थे, कांग्रेस ने उन्हें NSUI का इंचार्ज बनाया 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे पार्टी नेता कन्हैया कुमार को लेकर क्या कांग्रेस बड़ा प्रयोग करने जा रही है? बिहार के बेगुसराय से ताल्लुक रखने वाले कन्हैया कुमार के राज्यसभा में जाने की अटकलें लग रही हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र से इस युवा नेता को उच्च सदन में भेज सकती है। पिछले कुछ मौकों पर कन्हैया कुमार पार्टी के कई बड़े मंचों पर नजर आ चुके हैं। कांग्रेस ने जब नागपुर में 2024 लोकसभा चुनावों के लिए ‘हैं तैयार हम’ रैली का आयोजन किया था तो कन्हैया कुमार को संबोधित करने का मौका दिया गया था। ये अटकलें ऐसे वक्त पर लग रही हैं जब महाराष्ट्र कांग्रेस में ‘ऑल इज नॉट वेल’ होने की बातें सामने आ रही हैं।

महाराष्ट्र के छह मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इनमें कांग्रेस के कुमार केतकर शामिल हैं। सूत्रों के हवाले जो जानकारी सामने आई है, उसमें कहा गया है कि पार्टी NSUI की ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी इंचार्ज को राज्यसभा भेज सकती है। हाल के सालों में उच्च सदन में कम उम्र के सदस्यों का पहुंचना शुरू हुआ है। आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा – 35 के बाद हाल ही में स्वाती मालीवाल – 39 को राज्यसभा भेजा है। कन्हैया कुमार की उम्र – 37 साल है। वह पूर्व में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। कन्हैया कुमार 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़े थे, लेकिन भाजपा के गिरिराज सिंह ने उन्हें बड़ी शिकस्त दी थी।

महाराष्ट्र के 6 सांसदों का राज्यसभा में कार्यकाल मार्च महीने में खत्म हो जाएगा, इसलिए इन 6 सीटों पर राज्यसभा चुनाव की घोषणा कर दी गई है। इन 6 सांसदों में भाजपा के 3, उद्धव ठाकरे गुट, कांग्रेस और राकांपा के एक-एक सांसद शामिल हैं। भाजपा के नारायण राणे, प्रकाश जावड़ेकर और वी मुरलीधरन का राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने वाला है, जबकि ठाकरे गुट के सांसद अनिल देसाई, कांग्रेस के कुमार केतकर, राकांपा की वंदना चव्हाण का कार्यकाल खत्म होगा। कांग्रेस द्वारा कुमार केतकर को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की संभावना कम है। चर्चा है कि उनकी जगह युवा तेजतर्रार नेता कन्हैया कुमार को मौका दिया जा सकता है।

सदन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए राज्य की छह सीटों में से तीन भाजपा और एक-एक सीट कांग्रेस, शिवसेना, राकांपा के खाते में जाती दिख रही है। अगर भाजपा छठवें प्रत्याशी को उतारती है तो राज्य में भारी उठापठक होने आसार भी जताए जा रहे हैं। शिवसेना शिंदे गुट की तरफ मिलिंद देवड़ा को भेजे जाने के आसार हैं। वे 14 जनवरी को कांग्रेस छोड़कर शिवसेना में शामिल हुए थे। यदि ठाकरे समूह ताकत जुटाता है, तो उनका उम्मीदवार चुना जा सकता है। लेकिन यह बहुत कठिन होने वाला है। कांग्रेस ने इमरान प्रतापगढ़ी को महाराष्ट्र से ही राज्यसभा भेजा था। राज्य में राज्यसभा की कुल सीटों की संख्या 19 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon