बार में ग्राहक की बुरी तरह की गई पिटाई
कोलसेवाड़ी पुलिस में वेटरों पर मामला दर्ज
आकीब शेख
कल्याण – कोलसेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के खडेगोलवली में सत्यम आर्केस्ट्रा बार के कर्मचारियों ने एक ग्राहक की जमकर पिटाई की, जिसमें 31 वर्षीय रोहित दयाराम कनोजिया बुरी तरह घायल हो गया है। साथ ही रोहित के दोस्तों की भी पिटाई हुई है। कोलसेवाड़ी पुलिस के अनुसार रोहित अपने मित्र के साथ सत्यम आर्केस्ट्रा बार में शराब पीने के लिए गया था, लेकिन बार में टेबल खाली नहीं था। इसी बात को लेकर रोहित और बार कर्मचारियों में बहस हुई। उसके बाद बार के वेटर गिरीश अन्ना, सत्या व उसके चार अन्य साथियों ने मिलकर रोहित और उसके दोस्तों की पिटाई कर दी। बताया जाता है कि सत्यम आर्केस्ट्रा बार के वेटरों ने सीएनजी पेट्रोल पंप तक दौड़ा-दौड़ा कर लात-घूंसा एवं डंडे व सरिया से खूब पिटाई की। मारपीट की इस घटना में रोहित के सिर में चार टाके लगे हैं। जबकि दाएं पैर की हड्डी भी फ्रैक्चर हो गई है। इतना ही नहीं वेटरों ने रोहित के दोस्त राकेश गुप्ता की भी जमके पिटाई की। इस घटना में कोलसेवाड़ी पुलिस ने बार के वेटरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि सत्यम बार कोलसेवाडी पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर है, इसके बावजूद बार के कर्मचारियों की गुंडागर्दी का मामला उजागर हुआ है।