विधायक गणपत गायकवाड के बयान पर सांसद श्रीकांत शिंदे का पलटवार
कल्याण लोकसभा सीट पर भाजपा विधायक गायकवाड ने किया दावा
सांसद शिंदे ने विधायक के बयान को बताया मनोरंजनात्मक
आकीब शेख
कल्याण – तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद कल्याण में राजनीतिक सियासत गरमाई गई है। कल्याण लोकसभा सीट पर भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने दावा करते हुए कहा कि कल्याण और भिवंडी दोनों लोकसभा में भाजपा ही आएगी। गायकवाड के दावे के बाद राजनीतिक सियासत गरमा गई है। सोमवार सुबह पलावा में विकास कार्यों का दौरा करने के बाद कल्याण के सांसद डा.श्रीकांत शिंदे ने बीजेपी विधायक गायकवाड पर पलटवार करते हुए कहा कि मनोरंजन से ज्यादा कुछ नहीं है। शिंदे ने यह भी कहा कि किस पार्टी के नेता कहां से चुनाव लड़ेंगे ये पार्टी के वरिष्ठ नेता तय करेंगे।
विधायक के दावे से चर्चाएं हुई तेज-
कल्याण लोकसभा सीट पर भाजपा के दावे से राजनीति चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का मानना है कि शिंदे सरकार में शामिल शिवसेना-भाजपा और अजीत गुट की राकांपा में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। भाजपा विधायक गणपत गायकवाड पहले भी कल्याण लोकसभा सीट पर अपना दावा कर चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर चार बार कर चुके हैं कल्याण का दौरा-
संगठन को मजबूत करने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर इस साल चार बार दौरा कर चुके हैं। उनके दौरे को लेकर काफी अटकलें लगाई गई थी। लेकिन तीन राज्यों की रिजल्ट के बाद फिर से अटकलें तेज हो गई हैं, और मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हुई जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक गणपत गायकवाड ने एक बार फिर कल्याण लोकसभा सीट पर भाजपा का दावा ठोंक दिया है, जिससे सीएम के सुपुत्र सांसद डॉ.श्रीकांत शिंदे की चिंताएं बढ़ गई हैं।