दो जिलाबदर अपराधी हथियार सहित गिरफ्तार
कल्याण पुलिस ने डेढ़ साल के लिए किया था जिले से बाहर
आकीब शेख
कल्याण– ठाणे जिले से डेढ़ साल के लिए जिला बदर हुए दो आरोपियों को महात्मा फुले पुलिस ने हथियार के साथ फिर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वालधुनी, कल्याण पूर्व के रहने वाले विल्सन संजय पवार उम्र 25 और अब्दुल खालिद अंसारी उम्र 32 के क्रिमिनल रिकॉर्ड को देखते हुए 20 जुलाई 2023 को कल्याण पुलिस ने ठाणे जिले से 18 महीनों के लिए जिलाबदर किया था, लेकिन इन दोनों गुंडों ने महाराष्ट्र पुलिस के नियम का उल्लंघन कर पुनः सीमा में प्रवेश किया। महात्मा फुले पुलिस के अनुसार बीती रात सूचना मिलने पर पुलिस ने वालधुनी परिसर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से धारदार हथियार भी बरामद हुआ है। फिलहाल महात्मा फुले पुलिस ने दोनों पर अवैध हथियार रखने और नियमों का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।