उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का ऐलान, राज्य में शिक्षकों की संविदा भर्ती का जीआर रद्द करेगी सरकार
फडणवीस ने पिछली कांग्रेस सरकारों पर साधा निशाना, कहा उनके पापों का बोझ हम नहीं उठाएंगे
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – शिक्षकों की संविदा भर्ती को लेकर राज्य भर में मचे बवाल के बाद आखिरकार राज्य सरकार ने कदम पीछे हटाने का फैसला किया है। भाजपा नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने घोषणा की है कि हम संविदा भर्ती का जीआर रद्द कर देंगे। फड़णवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मैंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से संविदा भर्ती रद्द करने को लेकर चर्चा की है और हम पिछली सरकारों के पापों का दोष अपने सिर पर नहीं लेंगे।
फडणवीस ने आगे कहा कि संविदा भर्ती को लेकर युवाओं के मन में असंतोष पैदा करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह भर्ती कांग्रेस-राकांपा द्वारा शुरू की गई थी। वर्ष 2003 में कांग्रेस-राकांपा सरकार के दौरान शिक्षा विभाग में संविदा भर्ती की गयी थी। फिर 2010 में जब अशोकराव चव्हाण मुख्यमंत्री थे, तब दो बार संविदा भर्ती की गई। वर्ष 2011 में जब पृथ्वीराज चव्हाण मुख्यमंत्री थे, तब संविदा भर्ती के लिए जीआर जारी किया गया था। 2013 में भी ऐसी ही भर्ती आयोजित की गई थी और जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने तो शरद पवार के आशीर्वाद से उन्होंने संविदा भर्ती टेंडर भी निकाला था। लेकिन ये लोग अपना पाप हम पर मढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए अब हमने ऐसी भर्ती रद्द करने का फैसला किया है।