मूसलाधार बारिश से भिवंडी में जनजीवन अस्त व्यस्त, नाले में बहने से एक लड़की की मृत्यु

Spread the love

मूसलाधार बारिश से भिवंडी में जनजीवन अस्त व्यस्त, नाले में बहने से एक लड़की की मृत्यु

मनपा प्रशासन ने घोषित किया रेड अलर्ट, सभी प्रभाग अधिकारियों की छुट्टी रद्द

भिवंडी – दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिस से भिवंडी शहर में चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई पड़ रहा है। सड़कें नालों में तब्दील हो गई है। पूरे शहर में भीषण ट्रैफिक जाम हो गया है। वही भिवंडी शहर के अंतर्गत अंतर्गत टेमघर स्मशान भूमि के पास तेज नाले के बहाव में एक 14 वर्षीय लड़की के डूबने से मृत्यु होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मनपा प्रशासन की तरफ से शहर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मनपा सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार आयुक्त अजय वैद्य ने सभी मनपा विभाग के अधिकारियों की छुट्टी रद्द करते हुए उन्हें अगली सूचना तक मुख्यालय में बने रहने का सख्त आदेश दिया है। शहर में पानी भरने से सैकड़ों झोपड़ियों, घरों और दुकानों में पानी भर गया है। कई स्कूल परिसर में भी पानी भरने के समाचार मिले हैं तेज मूसलाधार बारिश के कारण भिवंडी शहर में पानी पानी हो गया है, बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है। जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।

दो दिन से हो रही तेज मूसलाधार बरसात के कारण भिवंडी शहर के लगभग सभी क्षेत्रों में भारी जलजमाव हो गया है, कई जगह तो बाढ़ की स्थिति बन गई है। शहर की सभी सड़कें नालों में तब्दील हो गई है। तीन बत्ती क्षेत्र में कमर तक पानी भरा हुआ है। निचले भाग के क्षेत्रों में जलजमाव के कारण झोपड़ियों, दुकानों, पावरलूम कारखानों, स्कूल परिसर सहित कई घरों में पानी भर गया है, जिसके कारण लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका प्रशासन के जनसंपर्क अधिकारी सुनील झलके ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया है कि टेमघर स्मशान भूमि के पास तेज बहाव के नाले में बह जाने से 14 वर्षीय बालिका सुजाता बबन कदम की पानी में डूब कर मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रभाग अधिकारी फैसल तातली अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन शहर में भारी ट्रैफिक जाम होने के कारण एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी को पहुंचने में काफी समय लगा। जिसके कारण काफी मेहनत मशक्कत के बाद लड़की का शव निकाला गया। एंबुलेंस न पहुंचने के कारण प्रभाग अधिकारी फैसल तातली और उनकी टीम ने लड़की का शव मनपा की जीप में भरकर पोस्टमार्टम के लिए शहर के आई जी एम उप जिला अस्पताल में पहुंचाया। जनसंपर्क अधिकारी झलके ने बताया कि बुधवार की सुबह हो रही तेज बारिश के कारण सुबह 8 बजे से दोपहर 4 बजे तक के दरमियान 145 मिलीमीटर बरसात होने की सूचना भिवंडी मनपा पर्यावरण विभाग ने दी है। वही मनपा आयुक्त अजय वैद्य ने शहर में रेड अलर्ट जारी करते हुए आपत्ती व्यवस्थापन विभाग को पूरी तरह से अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया है। सभी विभाग अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करके उन्हें अगले आदेश तक मनपा मुख्यालय न छोड़ने का आदेश भी जारी किया है। भिवंडी मनपा प्रशासन की तरफ से नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री क्रमांक 1800 2331 102 उपलब्ध कराया गया है शहर में चरणीपाड़ा के पास एक पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त होने के समाचार भी प्राप्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon