कल्याण – डोंबिवली में बाइक सवार चैन स्नैचरों के आतंक से स्थानीय जनता परेशान
इलाके में बुधवार को दीनदहाड़े की गई तीन चैन स्नैचिंग की घटनाएं। लोगों में रोष, जाँच में जुटी पुलिस
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
डोंबिवली : सड़क पर चलती महिलाओं के गले से सोने के मंगलसूत्र लूटने की बढ़ती घटनाओं से महिलाओं द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की जा रही है। कल्याण के डोंबिवली में बुधवार को दिन में दोपहिया वाहन से आये चोरों ने तीन महिलाओं से डेढ़ लाख से ज्यादा का सोना लूट लिया।
डोंबिवली एमआईडीसी के सुदर्शन नगर में रहने वाली अरुंधति कुलकर्णी – 72 बुधवार सुबह 7:30 बजे अपनी बहू के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। सेंट जोसेफ स्कूल के पास से गुजरते समय एक बाइक पर दो लोग आए। इससे पहले कि उन्हें कुछ पता चलता, उन्होंने अरुंधति के गले से साठ हजार रुपये का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और भाग गये। इस वारदात की मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।
इस घटना के बाद आगरा रोड स्थित उषा दर्शन सोसायटी में रहने वाली विजया लासुरे – 51 बुधवार सुबह 10:30 बजे कल्याण पश्चिम के काला तलाव इलाके में बीएसएनएल कार्यालय के पीछे वाली सड़क पर पैदल जा रही थीं। एक बाइक पर दो लोग अचानक उनके पास आए, उन्होंने विजया की गर्दन पर जोरदार प्रहार किया और 40 हजार रुपये का मंगलसूत्र छीन लिया। विजया ने चोरों का विरोध किया, जिसमें चोरों ने उनका गाउन फाड़ दिया। बाजार पेठ पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी गयी है।
तीसरी घटना में विट्ठलवाड़ी क्षेत्र निवासी रेखा रामधुमले – 49 बुधवार सुबह साढ़े दस बजे विट्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर दो व्यक्ति तेजी से उसके पास आये, और उन्होंने रेखा के गले से 45 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और भाग गए। रेखा ने चोरों का विरोध किया, लेकिन चोरों ने उसे धक्का देकर घायल कर दिया। रेखा ने कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
वाहन चोरी और मंगलसूत्र लूट की बढ़ती घटनाओं से कल्याण, डोंबिवली के नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। पहले पुलिस सुबह-शाम व्यस्त स्थानों पर गश्त करती थी, अब पुलिस निर्धारित स्थानों पर अपनी हाजिरी लगाकर चली जाती है। सिर्फ दस्तावेज़ ही बताते हैं कि आप उस जगह पर मौजूद हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस वजह से शहर की सड़कों पर अपराधियों की संख्या बढ़ती जा रही है।