अँधेरी के गोखले पुल का पुनर्निर्माण कार्य दिसम्बर तक होगा पूरा 

Spread the love

अँधेरी के गोखले पुल का पुनर्निर्माण कार्य दिसम्बर तक होगा पूरा 

महानगर पालिका के अधिकारीयों की समीक्षा के बाद लिया गया फैसला। सुचारु यातायात के लिए दीपावली तक एक लेन शुरू किये जाने का आश्वासन

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – अंधेरी रेलवे स्टेशन पर बने गोखले फ्लाईओवर की एक लेन दिवाली तक सार्वजनिक यातायात के लिए खुल जाएगी। इस पुल का एक लेन पिछले मई तक खुल जाना चाहिए था, लेकिन पुल के लिए लगने वाले स्टील की आपूर्ति में बाधा के कारण पुल का काम रोक दिया गया था। मुंबई महानगर पालिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्टील की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू होने के चलते पुल के काम में तेजी लाई जा रही है।

1975 में बने गोखले ब्रिज का एक हिस्सा 3 जुलाई, 2018 को ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई। रेलवे सीमा का हिस्सा खतरनाक होने की शिकायतों के चलते इसके पुनर्निर्माण का काम शुरू किया गया था और पुल को 7 नवंबर 2022 से यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। गोखले फ्लाईओवर का विध्वंस करने का काम पश्चिम रेलवे द्वारा किया जा रहा है, जबकि पुल का पुनर्निर्माण मुंबई महानगर पालिका द्वारा किया जा रहा है। मई 2023 तक पुल पुनर्निर्माण का काम पूरा कर कम से कम एक लेन शुरू करने की कोशिश थी। हालाँकि स्टील की आपूर्ति में समस्या के कारण इस काम में देरी हुई।

वर्तमान में यातायात के लिए अंधेरी सबवे और विनायक गोरे फ्लाईओवर दो वैकल्पिक मार्ग हैं। जबकि अंधेरी सबवे सबसे पसंदीदा वैकल्पिक मार्गों में से एक है, मानसून के दौरान भारी जलजमाव यातायात की समस्या पैदा करता है। इसलिए नाराज स्थानीय लोगों ने पुल के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है।

इस संबंध में मुंबई महानगर पालिका के अतिरिक्त आयुक्त पी. वेलारासु समेत महानगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा विधायक अमित साटम ने गुरुवार को गोखले फ्लाईओवर के काम की समीक्षा की। पुल का हिस्सा रेलवे लाइन सीमा के भीतर आने के चलते इस पुल पर गार्डर बिछाने का काम सितंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद स्लैब बिछाने समेत अन्य कार्य किए जाएंगे। मुंबई महानगर पालिका का लक्ष्य दिवाली तक एक लेन खोलने और दिसंबर 2023 के अंत तक पूरा पुल खोलने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon