डोंबिवली में मिलावटी खाद्य तेल बेचने वाले व्यापारियों पर पुलिस ने कसी नकेल

डोंबिवली में मिलावटी खाद्य तेल बेचने वाले व्यापारियों पर पुलिस ने कसी नकेल

रामनगर पुलिस ने मुंबई के एक व्यापारी की निशानदेही पर 5.45 लाख के मिलावटी तेल के साथ 3 को किया गिरफ्तार

योगेश पाण्डेय – संवाददाता

डोंबिवली – डोंबिवली में मिलावटी खाद्य तेल बेचने वाले तीन लोगों को रामनगर पुलिस ने बड़ी कुशलता से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुंबई के मस्जिद बंदर में मिलावटी खाद्य तेल बेचने वाले व्यापारियों के एक गोदाम पर छापा मारा और सोमवार को पांच लाख रुपये मूल्य के मिलावटी खाद्य तेल के साथ व्यापारियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार व्यापारियों के नाम दीपक जैन, तारिक महमूद अतीक अहमद, दिलीप मोहिते हैं। गोदाम से 5 लाख 45 हजार रुपए का नकली खाद्य तेल का स्टॉक भी जब्त किया गया है।

रामनगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन सांडभोर के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश जाधव, हवलदार नीलेश पाटिल, विशाल वाघ, जयपाल मोरे, नितिन सांगले की टीम ने छापेमारी कर मिलावटी तेल समेत व्यापारियों को गिरफ्तार किया। खाद्य तेल के दाम में वृद्धि ने लोगों को तगड़ा झटका दिया है, आरोपी व्यापारी इसी मौके का फायदा उठाकर मूल खाद्य तेल में मिलावट कर बाजार में बेच देते थे। रामनगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन सांडभोर को गुप्त सूचना मिली कि डोंबिवली में इस तरह फर्जी तरीके से खाद्य तेल बेचा जा रहा है।

डोंबिवली में नकली खाद्य तेल बेचे जाने के मामले में वरिष्ठ इंस्पेक्टर सांडभोर ने मुंबई के एक कारोबारी को गिरफ्तार किया था। इस व्यापारी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर रामनगर पुलिस ने मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में छापेमारी कर नकली खाद्य तेल का जखीरा जब्त किया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मिलावट में एक बड़ा कारोबारी शामिल है। अभी तक रामनगर पुलिस इस बात की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि इन तेल माफियाओं द्वारा कहां-कहां और कितना मिलावटी तेल बेचा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon
%d bloggers like this: