लीडरशिप तो भारतीय जनता पार्टी के पास है, कांग्रेस के पास तो अब केवल डीलरशिप ही बची है – कृपा शंकर सिंह
यूपी के जौनपुर से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी घोषित होते ही कांग्रेस पर कृपा शंकर सिंह का बड़ा हमला करते हुए कांग्रेस की नीति और नियत पर खड़े किये सवाल
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से लोकसभा सीट पर राजनीति गरमा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने जौनपुर लोकसभा सीट से कृपा शंकर सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कृपा शंकर सिंह अब तक महाराष्ट्र से राजनीति करते थे। महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार के दौरान वे गृह मंत्री रह चुके हैं। हालांकि अब उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने जौनपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। कृपा शंकर सिंह 2019 में भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ गए थे। उसके बाद से वह लगातार कांग्रेस पर हमलावर रहे हैं। जौनपुर से उम्मीदवारी तय होते ही उन्होंने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि लीडरशिप तो भारतीय जनता पार्टी के पास है, कांग्रेस के पास तो अब डीलरशिप ही बची है। इस हमले के साथ वे कांग्रेस की नीति और नेतृत्व दोनों पर सवाल खड़े करते हुए दिख रहे हैं।
भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह ने जौनपुर लोकसभ निर्वाचन क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी पर कहा कि जब मैं कांग्रेस में था, तब मैं कोशिश करता था कि कांग्रेस पार्टी के ध्येय को मैं लेकर चलूं। एक समय तक कांग्रेस लीड करती थी, आज कांग्रेस डील करती है। इस समय भाजपा लीड कर रही है। लीडरशिप भाजपा के पास है, डीलरशिप कांग्रेस के पास है। कृपाशंकर सिंह ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 400 पार के नारे में जौनपुर शामिल होगा, उन्होंने कहा कि ये मेरा विश्वास है।
कृपाशंकर सिंह ने कहा कि मेरी पहचान कांग्रेस पार्टी से थी। लेकिन, पार्टी के विचारों के कारण मुझे उसे छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने आर्टिकल 370 हटाने का फैसला लिया, इसका कांग्रेस की तरफ से समर्थन करने वाला मैं पहला नेता था। इस कारण मुझे पार्टी छोड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि एक समय तक कांग्रेस लीड करती थी। एक समय के बाद एल की डी आ गई। आज कांग्रेस डील करती है।
कृपाशंकर सिंह ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि आज उनकी स्थिति क्या है, आप देख सकते हैं। कभी किसी से चार सीट मांगते हैं। कभी केजरीवाल के पास, कभी तेजस्वी के पास, अभी अखिलेश के पास चक्कर काट रहे हैं। क्या यह कांग्रेस में कभी दिखा था। आज उनकी स्थिति क्या है? इस पर उन्हें सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जौनपुर भी पीएम नरेंद्र मोदी के 400 पार नारे में शामिल होगा।