लोकसभा चुनाव को लेकर एक सर्वें का बड़ा दावा, राज्य में 2019 का इतिहास दोहराएगी एनडीए
I.N.D.IA. अलायंस को केवल 9 तो एनडीए के खाते में 39 लोकसभा सीटें। एनडीए को 2019 की तुलना में महज 2 सीटों का नुकसान
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – 2024 में 400 पार के नारे के साथ आगे बढ़ रही भाजपा क्या महाराष्ट्र में अपने प्रदर्शन को दोहरा पाएगी? उद्धव ठाकरे के अलग होने के बाद क्या भाजपा फिर से 2019 जितनी सीटें जीत पाएगी? एक ताज़ा सर्वें ने लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र की सभी 48 सीटों को लेकर अपना सर्वे पेश किया है। इसमें महाराष्ट्र में किसको कितनी सीटें मिलेंगी? इसका अनुमान व्यक्त किया गया है। महाराष्ट्र में यूपी के बाद सर्वाधिक 48 लोकसभा सीटें हैं।
निजी सर्वे में सामने आया है कि भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) की अगुवाई वाली महायुति राज्य में लगभग पुराने वाली स्थिति में रहेगी । एनडीए को राज्य में 39 सीटों पर जीत मिल सकती है। सर्वे में कहा गया है कि महाविकास आघाड़ी और I.N.D.IA. अलायंस को राज्य में 9 सीटों पर जीत मिल सकती है। महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस के साथ शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की पार्टी (राकांपा शरदचंद्र पवार) शामिल है। सर्वे में अन्य को को कोई भी सीट मिलती नजर नहीं आ रही है।
2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा और अविभाजित शिवसेना ने मिलकर राज्य की 41 सीटों पर कब्जा जमाया था। नये सर्वे में एनडीए को दो सीटों का नुकसान होता दिख रहा है, लेकिन उद्धव ठाकरे के हटने के बाद भी एनडीए लगभग उसी स्थिति में पहुंच रहा है। भाजपा ने 25 सीटों पर लड़कर 23 सीटें हासिल की थी। इसी प्रकार अविभाजित शिवसेना ने 23 सीटों पर लड़कर 18 सीटें जीती थी। अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे 4 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस पार्टी ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था तो उसे सिर्फ 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी। 2019 के चुनावों में एक सीट पर AIMIM और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी। 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए राज्य में एनडीए (भाजपा +शिवसेना-शिंदे और राकांपा – अजित पवार गुट) ने मिलकर 45 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। राज्य में भाजपा की अगुवाई वाले महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।