अवैध रूप से डॉलर की तस्करी के आरोप में तंजानिया का नागरिक गिरफ्तार। दो करोड़ से अधिक के अमेरिकी डॉलर जब्त
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों की सतर्कता से विदेशी मुद्रा की तस्करी के एक मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में कस्टम विभाग ने तंजानिया के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से ढाई लाख अमेरिकी डॉलर यानी तककरीबन दो करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं और आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मुंबई से तंजानिया जा रहा था। कस्टम विभाग को इस तस्करी में किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह के शामिल होने का संदेह है।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से इथियोपिया के रास्ते तंजानिया की यात्रा कर रहे एक 26 वर्षीय विदेशी नागरिक को सीआईएसएफ कर्मियों ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। जांच करने पर पता चला कि उसके बैग में कुछ संदिग्ध सामान हैं, जब उसका बैग खोला गया तो उसमें दो लाख 40 हजार अमेरिकी डॉलर यानी दो करोड़ आठ हजार रुपये मिले। इसकी जानकारी कस्टम विभाग को दी गयी, तदनुसार आरोपी यासिर अली मोहम्मद को सीमा शुल्क विभाग द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी तंजानिया का रहने वाला है और वह खुद को कपड़ा व्यापारी बता रहा है।
जांच में पता चला है कि आरोपी मुंबई से इथियोपिया के रास्ते तंजानिया जाने वाला था और वहां एक व्यक्ति को विदेशी मुद्रा सौंपने वाला था लेकिन उससे पहले ही उसे मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में कस्टम विभाग ने विदेशी मुद्रा जब्त करते हुए विदेशी मुद्रा की बिना कोई जानकारी दिए उसे विदेश ले जाने के आरोप में सीमा शुल्क अधिनियम के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि सीमा शुल्क विभाग को इस तस्करी में एक अंतरराष्ट्रीय हवाला रैकेट के शामिल होने का संदेह है और इसकी जांच जारी है।