भाजपा महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत राज्य में महिलाओं को ज्यादा उम्मीदवारी

Spread the love

भाजपा महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत राज्य में महिलाओं को ज्यादा उम्मीदवारी

नवनीत राणा, पूनम महाजन, प्रीतम मुंडे और पंकजा मुंडे पर दांव लगाएगी भाजपा। चंद्रशेखर बावनकुले और आशीष शेलार भी लड़ेंगे लोकसभा चुनाव। राज्य की 35 सीटों पर भाजपा की चुनाव तैयारियां शुरू

योगेश पाण्डेय – संवाददाता

मुंबई – राज्य में लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर महायुति में चल रहा मंथन अभी भी खत्म होता नहीं दिख रहा है। मुंबई दौरे पर पहुचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाक़ात की और इस दौरान सीट बंटवारे को लेकर लंबा मंथन हुआ। अमित शाह ने महायुति के सहयोगी दलों से साफ कहा है कि अभी भाजपा को ज्यादा सीटों पर लड़ने दें। फिर हम विधानसभा चुनाव में आपके लिए ज्यादा सीटें छोड़ देंगे। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा राज्य की 35 सीटों पर लड़ना चाहती है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 9 और अजित पवार की राकांपा को 4 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऑफर दिया गया है।

अभी भले ही महयुति के सहयोगी दलों में सहमति नहीं बन पायी है, लेकिन भाजपा ने 35 सीटों पर चुनाव लड़ने की प्लानिंग कर ली है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि इस बार कई सीटों पर महिलाओं को मौका दिया जायेगा। बिड़ लोकसभा सीट से गोपीनाथ मुंडे की पुत्री प्रीतम मुंडे का नाम फाइनल है, इसके अलावा पार्टी से नाराज पंकजा मुंडे को भी लोकसभा की उम्मेदवारी मिल सकती है। अमरावती सीट से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी, साथ ही हिना गवित को नंदुरबार से मौका दिया जायेगा। इतना ही नहीं चर्चा है कि नांदेड़, जलगांव और धुले सीट पर भी महिला उम्मीदवारों को ही मौका दिया जायेगा।

नांदेड़ लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की भतीजी मीनल खटगांवकर रेस में आगे चल रही हैं। अशोक चव्हाण अभी पिछले महीने ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। धुले सीट से धरती देवारे का नाम आगे चल रहा है, वह गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी. आर. पाटिल की बेटी हैं जबकि जलगांव सीट से स्मिता वाघल को मौका मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

अहम बात यह है कि राज्य भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी लोकसभा उम्मीदवार बनाये जा सकते हैं। इसके अलावा मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार को भी उम्मेदवारी मिलने की आशंका है। बावनकुले को वर्धा सीट से उम्मेदवारी मिलने की चर्चा है तो आशीष शेलार को उत्तर पश्चिम या उत्तर मध्य मुंबई सीट से टिकट मिल सकता है। दिवंगत प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को भी फिर से उम्मेदवारी मिलने के आसार नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Right Menu Icon