पति की यातना से परेशान होकर पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
भिवंडी – पति द्वारा शराब के नशे में रोजाना दी जाने वाली शारीरिक व मानसिक यातना से तंग आकर एक 28 वर्षीय विवाहित महिला द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक महिला की मां की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में पति पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार भिवंडी के गैबीनगर इलाके में रहने वाली साक्षी 28 की शादी कुछ वर्ष पूर्व कामतघर निवासी गणेश येमुलवार 28 के साथ हुई थी। जिसके बाद वह अपने पति के साथ कामतघर इलाके के गणेश नगर में रहती थी। पुलिस ने बताया कि महिला के पति को शराब के नशे की बुरी लत लग गई थी। जिसके बाद रोजाना वह दारू के नशे में अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने लगा था।जिसकी रोजाना की दी जाने वाली परेशानी से त्रस्त होकर पत्नी ने 13 दिसंबर बुधवार की शाम घर के कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि इसके बाद तत्काल इलाज के लिए उसे स्व इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही भिवंडी शहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।साथ ही मृतक महिला की मां राजेश्वरी श्रीनिवास कुडीकला की शिकायत पर मृतक महिला की पति पर उसे आत्महत्या के लिए के लिए विवश करने के आरोप में आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की आगे की जांच पुलिस उप निरीक्षक चैताली जाधव कर रही हैं।