शिंदे गुट और उद्धव गुट की दशहरा रैली, क्रिकेट विश्वकप का मैच और रावण दहन के साथ देवी विसर्जन सब एक ही दिन

Spread the love

शिंदे गुट और उद्धव गुट की दशहरा रैली, क्रिकेट विश्वकप का मैच और रावण दहन के साथ देवी विसर्जन सब एक ही दिन

आज मुंबई पुलिस की हो सकती है अग्नि परीक्षा? एहतियातन मुंबई पुलिस के अलावा सशस्त्र दल, एसआरपीएफ, क्यूआरटी बलों की तैनाती

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – मुंबई में लगातार सुरक्षा में व्यस्त मुंबई पुलिस की असली अग्नि परीक्षा परीक्षा आज यानी मंगलवार को दशहरे पर होगी। शिव सेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना की दशहरा रैली, जगह-जगह रावण दहन कार्यक्रम, देवी प्रतिमाओं का विसर्जन और दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट विश्व कप मैच सब एक ही दिन हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ उन्हें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि कहीं ट्रैफिक जाम न लगे। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी की ओर से दादर स्थित शिवाजी पार्क में दशहरा रैली का आयोजन किया है, जबकि शिवसेना शिंदे गुट ने आजाद मैदान में दशहरा रैली का आयोजन किया है। शिवसेना पार्टी में फूट के बाद दोनों गुटों के बीच काफी तनाव है और अपनी-अपनी ताकत दिखाने के लिए राज्य के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।

एक रैली मध्य मुंबई में होगी, जबकि दूसरी दक्षिण मुंबई में होगी जिसके लिए रेल, बस और निजी वाहनों से कार्यकर्ता मुंबई पहुंचेंगे। दोनों गुटों में मतभेदों को लेकर कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने की प्रबल संभावना व्यक्त की जा रही है। कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए पुलिस ने एहतियात बरता है। मुंबई में कई जगहों पर रामलीला का आयोजन किया जाता है, जिसमें दशहरे के दिन रावण का पुतला दहन किया जाता है। इस स्थान पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस को सुरक्षा रखनी पड़ती है। अधिकांश नवरात्रि उत्सव मंडल दशहरे के दिन ही देवी का विसर्जन करते हैं। इसलिए चौक-चौराहों और तालाबों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा है।

इस समय देश में क्रिकेट विश्वकप के मैच चल रहे हैं और मंगलवार को साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला होना है। इसलिए पुलिस को यहां भी चाक चौबंद सुरक्षा प्रदान करनी पड़ेगी। ये सब एक ही दिन होने के चलते पुलिस की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। स्थानीय पुलिस के साथ सशस्त्र बल, एसआरपीएफ, क्यूआरटी जवानों की मदद ली जाएगी। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। कार्यक्रम स्थल पर सादे लिबास में पुलिस गश्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon