आप सांसद संजय सिंह गिरफ्तार

Spread the love

आप सांसद संजय सिंह गिरफ्तार

दिल्ली आबकारी केस में ED ने 10 घंटे की छापेमारी, इसी केस में मनीष सिसोदिया भी जेल में हैं 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

दिल्ली – आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर बुधवार सुबह 7 बजे ED की टीम पहुंची थी। 10 घंटे तक चली इस छापेमारी के बाद गिरफ्तारी हुई।

बताया जा रहा है करीब 7-8 अधिकारी आबकारी नीति केस के सिलसिले में छानबीन कर रहे थे। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। इसी केस में मनीष सिसोदिया जेल में हैं।

ED की कार्रवाई को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस केस में 1000 रेड पड़ चुकी हैं। संजय सिंह के घर पर कुछ नहीं मिलेगा। 2024 के चुनाव आ रहे हैं और वे जानते हैं कि वे हारेंगे। ये उनकी हताशा भरी कोशिशें हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, ED, CBI जैसी सभी एजेंसियां सक्रिय हो जाएंगी।

दिल्ली में भाजपा ने आप पार्टी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा के कार्यकर्ता अब तो ये स्पष्ट है, केजरीवाल भ्रष्ट है, वाले पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों की मांग है केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि पिछले पंद्रह महीनों से भाजपा AAP कार्यकर्ताओं पर शराब घोटाले का आरोप लगा रही है। पिछले 15 महीनों में उसने ED और CBI से 1000 स्थानों पर छापे मारे हैं। किसी भी एजेंसी को एक भी पैसा नहीं मिला। यह हताश भाजपा है जो आगामी चुनाव हारने वाली है, इसलिए वे डर के मारे ऐसा कर रहे हैं। संजय सिंह के घर मारे गए छापे में भी ED को एक भी पैसा नहीं मिला होगा, उन्हें कोई सबूत नहीं मिला, क्योंकि जब कोई घोटाला नहीं हुआ तो क्या मिलेगा।

आप सांसद संजय सिंह के आवास पर ED की छापेमारी पर उनके पिता का कहना है कि विभाग अपना काम कर रहा है, हम उनका सहयोग करेंगे। मैं उस समय का इंतजार करूंगा जब उनको क्लियरेंस मिल जाएगी।

इससे पहले 24 मई को इसी केस में संजय सिंह के करीबियों के यहां ED ने छापा मारा था। तब संजय सिंह ने कहा था, मैंने ED की फर्जी जांच को पूरे देश के सामने उजागर किया। आज मेरे सहयोगियों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घर ED ने छापा मारा है। सर्वेश के पिता कैंसर से पीड़ित हैं। ये जुर्म की इंतिहा है। चाहे जितना जुर्म करो लड़ाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Right Menu Icon