नियमों का उल्लंघन कर खुलेआम घूम रहा था तड़ीपार अपराधी
बाजारपेठ पुलिस ने रेतीबंदर इलाके से किया गिरफ्तार
कल्याण डीसीपी ने 2 साल के लिए किया था स्थानबद्ध
आकीब शेख
कल्याण – कल्याण पुलिस परिमंडल-3 द्वारा मुंबई और उपनगरों से 2 वर्ष के लिए स्थानबद्ध किए गए एक अपराधी को कल्याण की बाजार पेठ पुलिस ने फिर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधी का नाम जहीर उर्फ आयबा खलील शेख (23) बताया गया है, जो डोंबिवली के शेलारनाका का रहने वाला है। पुलिस महकमे से मिली जानकारी के अनुसार 16 सितंबर 2022 को जहीर उर्फ आयबा के क्रिमिनल रिकॉर्ड को देखते हुए कल्याण डीसीपी के निर्देश पर उसे 2 साल के लिए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिले से स्थानबद्ध किया गया था। लेकिन वह कानून का उल्लंघन कर पुनः कल्याण में आकर खुलेआम घूमने लगा। सोमवार की रात बाजारपेठ पुलिस को खबर लगी, उसके बाद पुलिस ने जहीर को कल्याण के रेतीबंदर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।