लव जिहाद पर जल्द ही कानून बनाएगी महाराष्ट्र सरकार
गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री फडणवीस नें कहा, पहले सभी राज्यों में बने कानून का गहनता से अध्ययन करेंगे तत्पश्चात नया कानून बनाएंगे
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – महाराष्ट्र सरकार जल्द ही लव जिहाद पर कानून ला सकती है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार लव जिहाद पर पाबंदी लगाने के लिए एक कानून लाने के बारे में सोच रही है। लेकिन कोई भी फैसला लेने से पहले अन्य राज्यों के इसी तरह के कानूनों के बारे में अध्ययन किया जायेगा फिर लॉ बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लड़कियों की शादी और धर्म परिवर्तन कराने के कई मामले सामने आए हैं। हर तरफ से इसके खिलाफ कानून बनाने की मांग हो रही है। इससे पहले मैंने सदन में भी घोषणा की थी। 24 मार्च को फडणवीस ने लव जिहाद को साजिश बताया था। उन्होंने लव जिहाद पर आशंका जाहिर करते हुए कहा था कि इसके पीछे कोई साजिश नजर आती है।
24 मार्च को विधानसभा में भाषण देते हुए फडणवीस ने कहा था कि लव जिहाद से जुड़े मामलों या शिकायतों की सही संख्या मेरे पास नहीं है, यह केरल में गढ़ा गया एक शब्द है। इसके खिलाफ कानून बनाने के लिए कुछ चुनौतियां हैं।
उन्होंने कहा था कि अगर किसी का धार्मिक परिवर्तन होता है, तो IPC की धारा 420 (जो धोखाधड़ी से संबंधित है) लागू होती है, लेकिन उस धारा की डेफिनेशन धर्म परिवर्तन के लिए डिफाइन नहीं है। इसलिए, हमें इसके लिए अलग से नए कानून बनाने की जरूरत है।
फडणवीस ने पिछले साल भी दिसंबर में कहा था कि राज्य सरकार दूसरे राज्यों के लव जिहाद कानूनों की स्टडी कर रही है और उसके बाद कानून बनाने पर फैसला लेगी। उस वक्त फडणवीस ने विधानसभा में कहा था कि लव जिहाद पर सख्त कानून की मांग की जा रही है। श्रद्धा वालकर मर्डर केस जैसे मामले न दोहराए जाएं, इसके लिए 14 दिसंबर 2022 को महाराष्ट्र सरकार ने एक कमेटी का गठन किया था, जो इंटरफेथ और इंटरकास्ट मैरिज करने वाले कपल्स पर नजर रख रही है। इस कमेटी में 13 सदस्य होंगे, जो दूसरे धर्म और दूसरी जाति में शादी करने वाले कपल की जानकारी ले रहे हैं।