राज्य की जनता और धर्मवीर आनंद दिघे गद्दारों को उनकी असली जगह दिखाएंगे – राजन विचारे 

Spread the love

राज्य की जनता और धर्मवीर आनंद दिघे गद्दारों को उनकी असली जगह दिखाएंगे – राजन विचारे 

धर्मवीर आनंद दिघे की जयंती कार्यक्रम में शिंदे गुट पर जमकर भड़के सांसद राजन विचारे 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

ठाणे – राज्य में शिवसैनिकों को परेशान करना, उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करना जारी है। इसलिए जो लोग स्वयं को धर्मवीर आनंद दिघे का सच्चा शिवसैनिक कहते हैं, वे सच्चे शिवसैनिक हो ही नहीं सकते। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी के सांसद राजन विचारे ने शिंदे गुट की आलोचना करते हुए कहा कि जनता और आनंद दिघे गद्दारों को उनकी असली जगह दिखाएंगे।

शिवसेना के दिवंगत ठाणे जिला प्रमुख आनंद दिघे की जयंती निमित्त ठाणे शहर में जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आनंद दिघे की जयंती के अवसर पर ठाकरे गुट के सांसद राजन विचारे, जिला प्रमुख केदार दिघे और कार्यकर्ता खारकर आली स्थित शक्तिस्थल पहुँचे और आनंद दिघे की समाधि के दर्शन किये। उन्होंने टेंम्भी नाका पर स्थित आनंद दिघे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की और ‘आनंद दिघे अमर रहे’ की घोषणा की। इस अवसर पर ठाकरे गुट ने टेंम्भी नाका और शक्तिस्थल पर शक्ति प्रदर्शन की भी कोशिश की।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शक्तिस्थल पहुंचने से आधे घंटे पहले ही ठाकरे गुट के शक्तिस्थल पहुंचने के चलते दोनों गुटों के बीच टकराव टल गया। आनंद दिघे की समाधि पर जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद विचारे ने शिंदे गुट की आलोचना करते हुए कहा कि यदि आप आज आनंद दिघे की फोटो देखेंगे तो आपको उनकी आंखों में आंसू नजर आएंगे। उन्होंने सिखाया कि गद्दारों को कोई माफ़ी नहीं है, लेकिन आज राज्य में शिवसैनिकों को परेशान करने का काम चल रहा है। उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने का काम चल रहा है, इसलिए जो लोग खुद को धर्मवीर आनंद दिघे के सच्चे शिवसैनिक कहते हैं, वे सच्चे शिवसैनिक नहीं हो सकते, राजन विचारे ने टिप्पणी करते हुए कहा। यह मंडली (शिंदे गुट) शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे के नाम पर राजनीती कर रही है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता और धर्मवीर आनंद दिघे गद्दारों को उनकी असली जगह दिखाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon