चेम्बूर भाभा कॉलोनी में 19 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, दोनों आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता के जानने वाले ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर, दोस्त के साथ मिलकर किया रेप। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेजा
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – चेंबूर इलाके में भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) क्वार्टर के एक फ्लैट में 19 साल की स्टूडेंट के साथ गैंगरेप किया गया। चेंबूर पुलिस ने लड़की के बयान के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए दोनों आरोपियों में से एक लड़की का पड़ोसी है। घटना वाले दिन लड़की उसके घर कुछ सामान लेने गई थी। युवक ने उसे कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया, फिर अपने दोस्त को बुलाकर बारी-बारी से पीड़िता का रेप किया। होश आने पर लड़की ने पुलिस में शिकायत की। आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 376, 376 (डी), 328 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने दोनों को सोमवार 20 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
चेंबूर पुलिस के मुताबिक घटना 15-16 नवंबर की रात 10 बजे से 12:30 बजे के बीच हुई। लड़की अपनी मां और बहन के साथ पालघर जिले के बोईसर में रहती है। मगर उसके पिता भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर में काम करते हैं। उन्हें एक साल पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक इमारत में फ्लैट दिया गया था। लड़की अक्सर अपने पिता के पास आकर रहती थी। घटना वाले दिन भी वह अपने पिता के पास रहने आई थी।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में से एक की पहचान अजीत कुमार यादव -26 के रूप में हुई और उसके पिता भी BARC कर्मचारी हैं। अजीत और पीड़िता एक-दूसरे को जानते थे। घटना के दिन अजीत ने गोवंडी निवासी अपने दोस्त प्रभाकर यादव – 30 को अपने घर इनवाइट किया था। अजीत का परिवार बाहर गया था और इसलिए उसने अपने दोस्त को अपने फ्लैट पर बुलाया।
15 नवंबर की रात 9 बजे के करीब पीड़िता अपने घर खाना बना रही थी, तभी उसे कुछ सामान की जरूरत पड़ी। वह अजीत के घर आयी अजीत ने उसे स्प्राइट की बोतल दी, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। कुछ घूंट पीने के बाद, पीड़िता बेहोश हो गई। फिर दोनों लोगोंआरोपियों ने बारी – बारी पीड़िता के साथ रेप किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, लड़की को रात में 12:30 बजे के आसपास होश आया, तो उसे एहसास हुआ कि उसके साथ रेप किया गया है और वह अपने फ्लैट में भाग गई। फिर उसने बिल्डिंग में रहने वाले अपने कुछ करीबी दोस्तों को इस घटना के बारे में बताया। पीड़िता ने 16 नवंबर को पुलिस को अपना बयान दिया, जिसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। दोनों को पुलिस ने तुरंत ही दिन गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें 20 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इस बीच पुलिस ने आरोपियों के घर से नशीली कोल्ड-ड्रिंक के नमूने प्राप्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए फोरेंसिक विभाग में भेज दिया गया है।