श्रीकांत शिंदे ही होंगे कल्याण लोकसभा से एनडीए के प्रत्याशी
चंद्रशेखर बावनकुले ने शिवसेना कार्यकर्ताओं को दिया आश्वासन
बावनकुले ने डोंबिवली शिवसेना शाखा में दी भेंट
आकीब शेख
कल्याण – 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कल्याण लोकसभा सीट से डॉ.श्रीकांत शिंदे ही महायुती के प्रत्याशी होंगे, ऐसा आश्वासन भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शिवसेना के कार्यकर्ताओं को दिया है। चंद्रशेखर बावनकुले महा विजय 2024 संकल्प दौरे पर है। इस दौरान रविवार को उन्होंने डोंबिवली की शिवसेना शाखा में भेंट दी, और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस मौके पर भाजपा के मंत्री रविंद्र चव्हाण, विधायक संजय केलकर, विधायक गणपत गायकवाड, जिलाध्यक्ष नाना सूर्यवंशी, शिवसेना शिंदे गुट के डोंबिवली शहर प्रमुख राजेश मोरे, उप जिला प्रमुख राजेश कदम, कार्यालय प्रमुख प्रकाश माने आदि भाजपा एवं शिवसेना शिंदे गुट के पदाधिकारी मौजूद थे।
आपको बतादें कि बीते कई दिनों से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि कल्याण लोकसभा सीट पर बीजेपी दावा कर सकती है। जिस तरीके से भाजपा मोर्चाबंदी कर रही है, उसे देखते हुए यह कयास लगाया जा रहा है कि, कल्याण लोकसभा पर बीजेपी अपनी पार्टी से कोई उम्मीदवार खड़ा कर सकती है। तो वही दो बार भारी मतों से लोकसभा का चुनाव जीतने वाले सांसद श्रीकांत शिंदे का कॉन्फिडेंस भी पूरी तरह हाई है। उन्होंने पहले ही स्पष्ट रूप से यह कह दिया है कि, वे तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाने के लिए तैयार है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कल्याण लोकसभा सीट पर श्रीकांत शिंदे की उम्मीदवारी को लेकर कार्यकर्ताओं को जो आश्वासन दिया है, उससे शिवसेना के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा जागी है। डोंबिवली शिवसेना शाखा की तरफ से व्हाट्सएप पर एक मैसेज जारी कर यह बताया गया है कि, अपने दौरे के दौरान बावनकुले ने शाखा में आकर शिवसेना के पदाधिकारियों से मुलाकात की। चर्चा के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह आश्वासन दिया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में कल्याण लोकसभा सीट से श्रीकांत शिंदे ही लड़ेंगे।