एक देश – एक चुनाव यह सोच ही देश के साथ सबसे बड़ा धोखा है – संजय राऊत
भाजपा पर उद्धव गुट के सांसद का बड़ा हमला, कहा I.N.D.I.A. नाम से बचना भाजपा की सबसे बड़ी कायरता का परिचय
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – शिवसेना ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने ‘इंडिया’ नाम के इस्तेमाल से बचने के लिए मोदी सरकार की जमकर आलोचना की है। संजय राउत ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में विपक्षी पार्टियों ने I.N.D.I.A.नाम का गठबंधन बनाया है, इसलिए इंडिया का नाम मिटाने से बढ़कर कोई बड़ा डर, कुरूपता, विकृति नहीं है। वह बुधवार को मुंबई में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बोल रहे थे।
संजय राउत ने कहा कि जब से हमने I.N.D.I.A. अलायंस बनाया है,भाजपा को इंडिया शब्द से ही डर लगने लगा है। ये अजीब बात है कि एक पार्टी, एक सरकार देश के संविधान में अपने नाम से डरे। संविधान में भारत का नाम है, संविधान में एक नाम भारत भी है। हालाँकि देश में विपक्षी दलों ने I.N.D.I.A. नामक गठबंधन बनाया है, इसलिए भारत का नाम मिटाने से बढ़कर कोई कायरता, कुरूपता, विकृति नहीं है।
भाजपा रिपब्लिक ऑफ इंडिया लिखती है। दरअसल उन्होंने ‘न्यू इंडिया’ के निर्माण की घोषणा की थी, तो इस लिहाज से उन्हें अब रिपब्लिक ऑफ नया भारत कहना चाहिए। भाजपा का इस भारत से I.N.D.I.A.नाम से कोई लेना-देना नहीं है। वे किस ग्रह से काम कर रहे हैं? क्या वे चंद्र रोवर में बैठकर चंद्रमा पर काम कर रहे हैं? संजय राऊत ने तंज कसते हुए सवाल पूछा।
संजय राउत ने कहा कि I.N.D.I.A. है और I.N.D.I.A. रहेगा। साथ ही उन्होंने यह विश्वास भी जताया कि भविष्य में I.N.D.I.A. अलायंस सत्ता में आएगा। इस दौरान राउत ने एक देश, एक चुनाव के विचार की भी कड़ी आलोचना की और कहा कि यह विचार देश में धोखा है।