डोंबिवली के जिमखाना मैदान में बनी राम मंदिर की हूबहू प्रतिकृति
मंत्री रविंद्र चव्हाण के हाथों रामलला की की गई आरती
मोदीजी के प्रयासों से हिंदुओं का सपना साकार होगा-मंत्री चव्हाण
आकीब शेख
कल्याण – 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उदघाटन और भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर शुरू है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात ही राम मंदिर को भक्तों के लिए खुल कर दिया जाएगा। 22 जनवरी का वह पल कितना खास होगा उसकी एक छोटी सी झांकी डोंबिवली में देखने को मिल रही है। डोंबिवली के जिमखाना मैदान में राम मंदिर की हूबहू प्रतिबिंब साकार की गई है, जिसका उदघाटन भाजपा विधायक एवं महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री रविंद्र चव्हाण के हाथों किया गया। राम मंदिर की झांकी का उदघाटन करने के बाद मंत्री रविंद्र चव्हाण के हाथों रामलला की आरती की गई। माहौल कुछ यूं बन गया था कि मानो हम अयोध्या पहुंच चुके हैं, और रामलला का दर्शन कर रहे हैं। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए रविंद्र चव्हाण ने कहा कि 22 जनवरी देश के लिए एक आनंदमय क्षण होगा हर व्यक्ति इस तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि 1992 में प्रत्येक कारसेवकों द्वारा दिया गया योगदान महत्वपूर्ण था। करोड़ों हिंदुओं के मन में यह इच्छा थी कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का विशाल मंदिर बनना चाहिए। मंत्री चव्हाण ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो प्रयास किया उसी का नतीजा है कि करोड़ों हिंदुओं का सपना साकार हो रहा है। जो 500 सालों में नहीं हुआ वह मोदी जी ने कर दिखाया। बताया गया है कि 28 जनवरी तक राम मंदिर की यह प्रतिबिंब डोंबिवली के जिमखाना मैदान में बनी रहेगी, जहां भक्ति दर्शन के लिए आ सकते हैं। 22 जनवरी को जहां अयोध्या की राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी, उसी समय डोंबिवली में भी खास धार्मिक कार्यक्रम किए जाएंगे।