भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस 6 दिसंबर को सार्वजानिक अवकाश घोषित करने की मांग। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ का मुख्यमंत्री को पत्र
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस यानी 6 दिसंबर को हर साल लाखों अनुयायी मुंबई के चैत्यभूमि में उनका अभिवादन करने आते हैं, इस साल भी भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसलिए मुंबई में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही है।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर महापरिनिर्वाण दिवस पर डॉ.बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए 6 दिसंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है।
वर्षा गायकवाड़ ने कहा है कि महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर चैत्यभूमि पर महामानव का अभिवादन करने के लिए न केवल महाराष्ट्र से बल्कि देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में भीम अनुयायी आते हैं। हालाँकि चूँकि इस दिन सभी कार्यालय खुले रहते हैं, इसलिए कई अनुयायियों के लिए महामानव का अभिवादन करना संभव नहीं हो पाता है।
इसी पृष्ठभूमि में राज्य के कई संगठन कई वर्षों से छुट्टी दिलाने की मांग कर रहे हैं। गायकवाड़ ने बताया कि समन्वय समिति ने सरकार से 6 दिसंबर महापरिनिर्वाण दिवस पर मुंबई में स्थानीय अवकाश घोषित करने की सिफारिश की है।