ड्रग तस्करी के मामले में गिरफ्तार मुंब्रा के आरोपी को लेकर ठाणे राकांपा के दोनों गुट आमने – सामने
आनंद परांजपे की जितेन्द्र आव्हाड़ और सुहास देसाई को चुनौती, कहा मुझ पर ऊँगली उठायी तो उनको उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
ठाणे – मैंने राकांपा छोड़ी और पार्टी से विश्वासघात किया, यदि ऐसा आरोप राकांपा विधायक डॉ. जितेन्द्र आव्हाड़ करेंगे तो उन्हें उनकी भाषा में ही जवाब दिया जायेगा। राकांपा एनसीपी अजित पवार गुट के महाराष्ट्र प्रदेश प्रवक्ता और ठाणे जिला अध्यक्ष आनंद परांजपे ने आव्हाड़ को फिर चुनौती देते हुए कहा।
नासिक पुलिस ने ड्रग्स बेचने के मामले में सलमान फालके को मुंब्रा से गिरफ्तार किया है। सलमान की गिरफ्तारी के बाद राकांपा के दोनों गुटों के पदाधिकारी एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। शुक्रवार को आनंद परांजपे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शरद पवार के ठाणे शहर अध्यक्ष सुहास देसाई के साथ विधायक जितेंद्र आव्हाड़ की जमकर आलोचना की। शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के प्रति हमारे मन में सहानुभूति और करुणा की भावना है, लेकिन मेरे खिलाफ सुहास देसाई के आरोपों को देखते हुए ऐसा लगता है कि सुहास देसाई बौद्धिक रूप से विकलांग हैं ऐसी टिप्पणी करते हुए आनंद परांजपे ने निशाना साधा।
परांजपे ने आगे कहा कि शिवसेना प्रवक्ता विधायक मनीषा कायंदे ने हाल ही में मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ड्रग पेडलर सलमान के साथ जीतेंद्र आव्हाड़ की तस्वीर दिखाई थी, मनीषा कायंदे को जवाब देने के बजाय मेरी आलोचना करने की जरूरत नहीं है। सुहास देसाई और पूर्व नगरसेवक शानू पठान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान के साथ महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव अजित पवार गुट नजीब मुल्ला की फोटो दिखाई ये फोटो 2017 की है। तब सलमान फालके नजीब मुल्ला के जन्मदिन पर उनसे मिलने आया था। यह फेसबुक से ली गई तस्वीर है, हम इससे इनकार नहीं करते। मैंने साफ कहा था कि जीतेंद्र आव्हाड़ और शानू पठान की फोटो दिखाकर किसी पर आरोप नहीं लगाया जा सकता, परांजपे ने यह भी कहा कि नेताओं की ऐसी तस्वीरें सबूत के तौर पर नहीं देखी जानी चाहिए।