महिला को घूर रहा था शख्स, विरोध करने पर किया चाकू से हमला
घटना में एक व्यक्ति घायल
कल्याण स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा खतरे में
आकीब शेख
कल्याण – मंगलवार की देर रात कल्याण स्टेशन पर एक सरफिरे ने धारदार चाकू से हमला कर एक व्यक्ति को लहूलुहान कर दिया। घायल का नाम राजू बताया जा रहा है। इस मामले में कल्याण रेलवे पुलिस ने चाकू मारने वाले उमा कांबले नामक 42 वर्षीय सरफिरे को गिरफ्तार कर लिया, जो टिटवाला के पास खडवली का रहने वाला है। कल्याण जीआरपी के इंचार्ज पंढरीनाथ कांदे ने बताया कि यह घटना रात 12:30 बजे की है। उमा कांबले व्यक्ति नशे में था, और बुकिंग कार्यालय के बाहर एक महिला को घूर-घूर कर देख रहा था। महिला का पति देवा और उसका दोस्त राजू दोनों साथ में थे। राजू ने आरोपी से पूछा कि घूर-घूर कर क्यों देख रहे हो। इसी बात पर गुस्से में आकर उमा ने उसके पास मौजूद धारदार चाकू से राजू पर हमला कर दिया। घटना में घायल राजू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। थाना इंचार्ज कांदे ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है, और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।