गोदाम पर कोलसेवाड़ी पुलिस का छापा, भारी मात्रा में गुटखा जब्त
लगभग 7 लाख रुपये का विमल पान मसाला व तंबाकू बरामद
पुलिस की कार्रवाई से गुटखा व्यापारियों में हड़कंप
आकीब शेख
कल्याण – कोलसेवाड़ी पुलिस ने बुधवार तड़के खड़ेगोलवली के एक गोदाम पर छापा मार कर लाखों रुपए का गुटखा ज़ब्त किया है। सुगंधित विमल पान मसाला और गुटखा बोरियों में भरकर गोदाम में रखा हुआ था। इस अवैध कारोबार का मुख्य सूत्रधार मनीष यादव और उसके साथी इसरार अहमद, विनोद गंगवानी एवं अन्य दो बताए जा रहे हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस मामले में कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश शिरसाठ ने बताया कि खड़ेगोलवली स्थित मंजूनाथ बार के पीछे गायकवाड चाल में एक गोदाम के अंदर भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखे का भंडार होने की गोपनीय सूचना पुलिस को मिली थी। परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त के आदेश पर कोलसेवाड़ी पुलिस की टीम ने उक्त गोदाम पर छापा मारा। गोदाम के अंदर रखी बोरियों से लगभग 7 लख रुपए का विमल पान मसाला और गुटखा बरामद हुआ। पुलिस ने सारा माल जब्त कर लिया है, और मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुटी है।
गुटखा कारोबारियों की तलाश में पुलिस-
सीनियर इंस्पेक्टर राजेश शिरसाठ ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी मनीष यादव है, जो अपने अन्य साथी इसरार अहमद, विनोद गंगवानी, मुकेश और शिवम मदेशिया के साथ मिलकर गुटखे का अवैध कारोबार कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि यह लोग शहर की पान टपरी वालों को विमल गुटखा बेचते थे। कार्रवाई के बाद से ही सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस उनकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दे रही है।