सेमीफाइनल पार, अब फाइनल में भी बनाएंगे सरकार – एकनाथ शिंदे
चुनावी नतीजों पर गदगद हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कहा जनता का भरोसा नरेन्द्र मोदी पर है। महाराष्ट्र में फिर से एनडीए की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में से चार राज्यों पर रविवार को मतगणना हुईं। सूत्रों से मिले आंकड़ों के मुताबिक तीन राज्यों में भाजपा सरकार बनाने की ओर आगे बढ़ रही है तो वहीं तेलंगाना में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की ओर जा रही है। भाजपा के तीन राज्यों में बढ़त से भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी भाजपा के इस प्रदर्शन से काफी खुश नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी तीन राज्यों राजस्थान , मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सरकार बना रही है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री ने आदिवासी और गरीब तबकों के लिए जो काम किया, समाज के पिछड़े तबकों के लिए जो योजनाएं लाई, इन सभी कार्यों का लाभ जनता को मिल रहा है। इसलिए जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर विश्वास रखा और NDA को जिताया है। आगे उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकसभा चुनाव से पहले सेमी फ़ाइनल की तरह था, लेकिन भाजपा और एनडीए ने ये चुनाव जीत लिया है। लोकसभा चुनाव 2024 में भी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ही विश्वास रखेंगे।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि INDI एलायंस चाहे कितनी भी इकठ्ठा हो जाए, कुछ भी आरोप लगा ले, जनता उनका साथ नहीं देंगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी थैंपिंग मेजॉरिटी से 2024 में प्रधानमंत्री बनेंगे। इन चुनावों का असर बाकी राज्यों में भी देखने को मिलेगा। वहीं महाराष्ट्र को लेकर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी फिर से NDA की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। लोकसभा में भी हम बड़ी जीत हासिल करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जनता के बीच जाते हैं, जनता के नेता हैं, इसलिए लोग उन्हें उनके नाम पर वोट देते हैं। उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग घरों में बैठते हैं जनता उन्हें घर पे बैठा देगी।