जमीन हड़पने के चलते महाराष्ट्र के बीड़ में आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर मारपीट
सड़क पर निर्वस्त्र दौड़ते महिला का वीडियो वायरल, भाजपा विधायक की पत्नी समेत 3 पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज। जाँच में जुटी पुलिस
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – महाराष्ट्र के बीड जिले में एक आदिवासी महिला का सड़क पर बिना कपड़ों के दौड़ते वीडियो सामने आया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि आष्टी विधानसभा के भाजपा विधायक सुरेश धस की पत्नी प्राजक्ता सुरेश धस के लोगों ने रविवार 15 अक्टूबर को उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित महिला भी उन लोगों के साथ भिड़ गई, इस दौरान आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर आरोपी वहां से भागने लगे और महिला बिना कपड़ों के ही सड़क पर दौड़कर उनका पीछा करने लगी। पीड़िता ने विधायक की पत्नी समेत 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि भाजपा विधायक की पत्नी अपने गुंडों की मदद से उसकी पुश्तैनी जमीन हड़पना चाहती है। जिस जमीन पर प्राजक्ता धस दावा कर रही हैं, वह 60-70 साल से पीड़ित महिला के परिवार के पास है।
घटना के दिन महिला अपने पति और बहू के साथ खेत में चारा लाने गई थी। तभी राहुल जगदाले और रघु पवार वहां आए और मारपीट करने लगे। महिला ने खुद का बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे निर्वस्त्र कर दिया। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया। हालांकि भाजपा विधायक सुरेश धस ने अपनी पत्नी के ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पूरा मामला झूठा है, और वे बहुत जल्द इस पर विस्तार से बात करेंगे।
बीड के आष्टि पुलिस थाने में भाजपा विधायक सुरेश धस की पत्नी प्राजक्ता सुरेश धस, राहुल जगदाले और रघु पवार के खिलाफ IPC की धारा 354, 354 B, 323, 504, 506, 354 A, 34, और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।