भाजपा सबसे बड़ी पलटूराम है। बिहार में भी यही कर रहे हैं, असली पलटूराम भाजपा के लोग हैं। उन्हें अयोध्या में जाकर भगवान राम की पूजा करने का कोई अधिकार नहीं – संजय राऊत
नितीश कुमार के इस्तीफे के बाद भड़के संजय राउत, नितीश को बताया पलटूराम। भाजपा समेत अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल पर साधा निशाना
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – बिहार में मचे सियासी घमासान के बीच शिवसेना राज्यसभा सांसद संजय राऊत का बयान सामने आया है। उन्होंने नीतीश कुमार को पलटूराम कहा है। संजय राऊत ने कहा कि नीतीश कुमार देश के सबसे बड़े पलटूराम हैं। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और अब एनडीए के साथ मिलकर राज्य में वापसी करने जा रहे हैं। संजय राऊत 24 घंटे पहले नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे थे। नीतीश कुमार का नाम I.N.D.I.A. गणबंधन में प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर आगे चल रहा था और अब एनडीए में शामिल होने के बाद विपक्षी दलों ने उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
संजय राऊत ने कहा कि बिहार में जो चल रहा है मुझे लगता है वो देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक जगह भाजपा अयोध्या के राम की बात करती है, राम के सत्य वचन और रामराज्य की बात करती है, तो दूसरी तरफ बिहार में आप पलटूराम को साथ लेकर जाना चाहते हैं। देश में राम लाना चाहते हो या पलटूराम की सत्ता लाना चाहते हो।
संजय राउत ने कहा मैं किसी पर व्यक्तिगत टीका टिपण्णी नहीं कर रहा हूं। उन्होंने अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल पर भी निशाना साधा। संजय राउत ने कहा हमारे महाराष्ट्र में अजित पवार इतने बड़े भ्रष्टाचारी हैं, 70 हजार करोड़ का घोटाला किया। प्रफुल्ल पटेल जिनके लिंक इकबाल मिर्ची और दाऊद इब्राहिम के साथ है। 24 घंटे के अंदर पलटी मारी और उन्हें मंत्रीमंडल में शामिल कर लिया। भाजपा सबसे बड़ी पलटूराम है। बिहार में भी यही कर रहे हैं, असली पलटूराम भाजपा के लोग हैं। उन्हें अयोध्या में जाकर भगवान राम की पूजा करने का अधिकार नहीं है।
संजय राऊत लगातार नीतीश कुमार पर भरोसा जता रहे थे। नीतीश के इस्तीफा देने की अटकलों के बाद भी संजय राउत उन्हें I.N.D.I.A. गणबंधन का मजबूत सतंभ बता रहे थे। संजय राउत ने कहा था कि नीतीश कुमार I.N.D.I.A. गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं, वह कहीं नहीं जा रहे हैं।