खाड़ी में डूबने से पिता और बेटी की दर्दनाक मौत
डोंबिवली के राजूनगर की घटना
आकीब शेख
कल्याण – डोंबिवली में राजुनगर के पास खाड़ी में डूबने से पिता और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से आसपास के इलाकों में सनसनी फैली हुई है। घटना डोंबिवली पश्चिम के राजुनगर परिसर की है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक अनिल सुरवड़े नामक व्यक्ति अपनी ढाई वर्षीय बच्ची हीरा के साथ खाड़ी के किनारे बैठे थे। बच्ची खेल रही थी। इस बीच अचानक खेलते-खेलते बेटी खाड़ी में गिर गई। जिसे बचाने के लिए पिता अनिल भी पानी में कूद गए, लेकिन दुर्भाग्यवश वे बेटी को तो नहीं बचा पाए, उल्टा उसे बचाने की चक्कर में खुद की जान भी गंवा बैठे। इस हादसे की सूचना मिलने के बाद विष्णुनगर पुलिस एवं फायरब्रिगेड के कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे, और दोनों की तलाश शुरू की। बताया जाता है कि मौके पर मौजूद चांद शेख नामक एक युवक बचाने के लिए खाड़ी में कूद गया। कुछ दूरी पर उसने व्यक्ति का हाथ भी देखा, लेकिन उन तक पहुंचने के पहले दोनों डूब चुके थे। इस घटना से पूरे परिसर में सनसनी मची है। जानकारी मिलते ही पूर्व नगरसेवक विकास म्हात्रे भी घटनास्थल पर पहुंचे और मदद कार्य में जुट गए। इस मामले में विष्णुनगर थाना के इंचार्ज मोहन खंदारे ने बताया कि दमकलकर्मियों की मदद से दोनों की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हुआ था। पुलिस बाप और बेटी की जानकारी जुटाने में लगी है।