लगातार दूसरे दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के दौर में बवाल
आरक्षण को लेकर मराठा कार्यकर्ता ने किया हंगामा
कर्तव्य पर मौजूद पत्रकारों के साथ भी बदसलूकी
भाजपा कार्यकर्ताओं की पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज
आकीब शेख
कल्याण – बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को फिर एक बार मराठा समाज के आक्रोश का सामना करना पड़ा। डोंबिवली में आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान मराठा समाज के एक नौजवान ने भरी सभा में बावनकुले से प्रश्न किया कि सरकार मराठा समुदाय को आरक्षण कब देगी। ज्ञात हो कि भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले महाविजय 2024 संकल्प यात्रा पर है। उनका दौरा ठाणे के डोंबिवली में शुरू है। इस अभियान के तहत रविवार को डोंबिवली में बावनकुले एक नुक्कड़ सभा में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान मराठा समुदाय का एक नौजवान वहां आ पहुंचा, और उसने कार्यक्रम का विरोध किया। सरकार मराठा समाज को आरक्षण कब देगी नौजवान ने यह सवाल करते हुए “एक मराठा लाख मराठा” का नारा लगाया। इसके बाद बावनकुले ने उस नौजवान को स्टेज पर बुलाया और उसे आरक्षण देने का आश्वासन दिया। लेकिन इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी देखने को मिली। दरअसल इस कार्यक्रम की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार उस मराठा समुदाय के नौजवान की बाइट ले रहे थे, तभी कुछ बीजेपी के गुंडो ने पत्रकारों को बाईट लेने से रोका। उनके साथ धक्का-मुक्की की और पत्रकारों को गालियां भी दी। इसे लेकर कई देर तक बवाल चला रहा इसके बाद पत्रकारों ने डोंबिवली पुलिस थाने में पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने मामूली धाराओं के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर पलड़ा झाड़ दिया।