महाराष्ट्र में भाजपा का दांव पूरी तरह से विफल, इसलिए बार – बार प्रधानमंत्री को यहां आना पड़ता है – संजय राऊत

Spread the love

महाराष्ट्र में भाजपा का दांव पूरी तरह से विफल, इसलिए बार – बार प्रधानमंत्री को यहां आना पड़ता है – संजय राऊत

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दिल्ली दौरे को लेकर संजय राऊत का तंज, कहा दिल्ली में शिंदे की अवस्था दरवाजे के बाहर रखे पायदान से अधिक कुछ भी नहीं 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस द्वारा दिल्ली जाकर गुप्त रूप से महाराष्ट्र मंत्रिमंडल विस्तार पर बैठक करने की चर्चा इन दिनों जोरों पर है। इस पृष्ठभूमि में शिवसेना ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने एकनाथ शिंदे की बढ़ती दिल्ली यात्राओं पर जमकर टिप्पणी की। संजय राउत ने कहा कि दिल्ली में बैठे आकाओं ने एकनाथ शिंदे की हालत दरवाजे के बाहर रखे पायदान जैसी कर दी है। राऊत वह गुरुवार 26 अक्टूबर को मुंबई में पत्रकार परिषद को सम्बोधित कर रहे थे।

संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के नेता लगातार दिल्ली का दौरा कर रहे हैं, ऐसा पहले कभी किसी सरकार में नहीं हुआ। हालांकि एकनाथ शिंदे का दावा है कि वो शिवसेना के मुख्यमंत्री हैं, साथ ही उनका यह भी दावा है कि वह बालासाहेब ठाकरे के स्वाभिमानी शिवसैनिक हैं। जबकि दिल्ली ने एकनाथ शिंदे को दरवाजे के बाहर रखे पायदान जैसा बना रखा है, इसलिए उन्हें बार-बार दिल्ली की चौखट पर आना-जाना पड़ता है।

मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी एवं देश की आर्थिक राजधानी है और महाराष्ट्र छत्रपति शिवाजी महाराज का है। शिवाजी महाराज एक ही बार दिल्ली, आगरा गए और सभी खानों और दिल्लीश्वरों को सबक सिखाया। लेकिन एकनाथ शिंदे को दिल्ली जाकर पूछना पड़ता है कि चाय पिऊं, पानी पिऊं, खाना खाऊं, सोऊं यह महाराष्ट्र का अपमान है, ऐसा तंज कसते हुए राउत ने एकनाथ शिंदे पर हमला बोला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाराष्ट्र दौरे पर तल्ख़ टिप्पणी करते हुए संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर महाराष्ट्र, मुंबई और शिरडी में इधर-उधर घूम रहे हैं,क्योंकि उन्हें यह पता चल गया है कि महाराष्ट्र में उन्होंने जो दांव खेला है, वह पूरी तरह विफल होता नजर आ रहा है। इसलिए ये यात्राएं एक डर, एक निराशा के चलते की जा रही हैं। हालांकि इन सबके बावजूद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य में आने पर कोई रोक नहीं लगाई जा सकती। महाराष्ट्र में भाजपा नेता बार-बार मोदी को राज्य में बुला रहे हैं क्योंकि उन्हें भी यह पता है कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई है।

इस राज्य में नेतृत्व भ्रष्ट और अक्षम है, इसलिए वे बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महाराष्ट्र बुला रहे हैं। मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन वे मणिपुर और जम्मू कश्मीर को छोड़कर देश में कहीं भी जाते हैं। शायद कल वे इजराइल भी जा सकते हैं। मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहता, वह देश के प्रधानमंत्री हैं, भाजपा के सम्माननीय नेता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बार-बार यहां आना पड़ता है क्योंकि भाजपा की स्थिति बहुत नाजुक और गंभीर है, संजय राउत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon