घाटकोपर हादसे के बाद अब तो करवाओ खतरनाक होर्डिंग्स का स्ट्रक्चल ऑडिट
मनसे विधायक राजू पाटील ने की केडीएमसी से मांग
आकीब शेख
कल्याण – सोमवार को मुंबई और उपनगरों में हुई बे-मौसम बरसात और आंधी ने तबाही मचा दी। घाटकोपर में विशालकाय होर्डिंग गिरने की दर्दनाक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत जबकि 70 से अधिक घायल हो गए। इस हादसे के बाद अब कल्याण-डोंबिवली में बनी खतरनाक और अवैध होर्डिंग्स की जांच करने की मांग तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में एमएनएस विधायक राजू पाटील ने कल्याण-डोंबिवली और शीलरोड पर बनी होर्डिंग्स का स्ट्रक्चरल ऑडिट करने की मांग की है। इस विषय में विधायक पाटील ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा है, कि वे बीते 3-4 साल से ठाणे महानगरपालिका, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका एवं शीलरोड परिसर में लगी अनेक खतरनाक होर्डिंग्स के स्ट्रक्चल ऑडिट करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन ने उनकी मांग का संज्ञान नहीं लिया। प्रशासन की इस उदासीनता का कारण होर्डिंग्स मालिक और अधिकारियों की सांठगांठ तो नहीं ? ऐसा सवाल राजू पाटील ने किया है। प्रशासन को दिए पत्र में पाटील ने लिखा है कि शीलरोड पर बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्ड लगे हुए हैं। विगत कई वर्षों से इन बिलबोर्ड की देखरेख या दुरुस्ती नहीं की गई है। अनेक होर्डिंग्स खतरनाक स्थिति में आ गई है। घाटकोपर की घटना के बाद कम से कम अब तो केडीएमसी खतरनाक होर्डिंग्स का स्ट्रक्चल ऑडिट करवाए ऐसी मांग राजू पाटील ने की है।