लहसुन चोरी के आरोप में दुकानदार ने मजदूर को पिट – पिट कर मार डाला
बोरीवली पश्चिम के एमटीएनएल दफ़्तर के बाहर पड़ी रही मजदूर की लाश। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की आधार पर दुकानदार के खिलाफ दर्ज किया मामला
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – मुंबई के बोरीवली इलाके में एक दुकानदार ने कथित तौर पर सब्जी मंडी में लोडर का काम करने वाले मजदूर को मौत के घाट उतार दिया है। मजदूर पर आरोप था कि उसने दुकान से लहसुन की चोरी की थी। इस मामले में पुलिस ने दुकानदार घनश्याम आगरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दुकानदार ने मृतक पंकज मंडल को तब तक पीटता रहा, ज़ब तक वह जमीन पर नहीं गिर गया। मंडल पर आरोप था कि उसने 20 किलो लहसुन चुराया था जिसकी कीमत 6400 रूपये है।
खबरों के मुताबिक बोरीवली पश्चिम में एक मजदूर पंकज मंडल को कथित तौर पर 6400 रूपये की एक बोरी लहसुन चुराने के आरोप में एक सब्जी व्यापारी ने मार डाला। पीड़ित एमटीएनएल कार्यालय के बाहर मृत पाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में सब्जी व्यापारी घनश्याम आगरी द्वारा मृतक पंकज मंडल की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है।
आगरी को मंडल पर लहसुन चोरी करने का संदेह हुआ और उसने उसे एक बोरी लहसुन चोरी करते हुए पकड़ा। आगरी ने मंडल को बड़ी बेरहमी से पीटा, आगरी की मार से मंडल वहीं बेहोश हो गया। अन्य मजदूरों ने मंडल को वहां से हटाने में मदद की। पुलिस ने वीडियो साक्ष्य के आधार पर आगरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
खबरों के मुताबिक मौसम की मार की वजह से आपूर्ति में गिरावट के कारण नवी मुंबई में लहसुन की कीमतें आसमान छू रही हैं। थोक व्यापारी अब पड़ोसी राज्यों से लहसुन खरीद रहे हैं, जिसके चलते रसद की लागत बढ़ रही है। लहसुन की खुदरा कीमत दोगुनी हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। दक्षिणी राज्यों से लहसुन की आपूर्ति कम होने से कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है। स्थिति में जल्द सुधार की उम्मीद नहीं है क्योंकि नई फसल को बाजार तक पहुंचने में अभी समय लगेगा।