महाराष्ट्र में राजनितिक रोटी पलटने की कावायद में जुटी भाजपा 

Spread the love

महाराष्ट्र में राजनितिक रोटी पलटने की कावायद में जुटी भाजपा 

भाजपा के निजी सर्वें में महाजन और कोटक की परफॉर्मेंस पुअर। तावड़े या शेलार को मिल सकता है टिकट, तो किरीट सोमैया पर फिर से आश्वसत भाजपा 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जोर – शोर से जुट गई है। पिछले साल शिवसेना और इस साल राकांपा दोनों से अलग हुए बड़े गुटों द्वारा भाजपा को दिए गए समर्थन के कारण आगामी चुनाव रंगीन होने की पूरी संभावना व्यक्त की जा रही है। सीट आवंटन से लेकर टिकट आवंटन तक हर स्तर पर महागठबंधन की परीक्षा होगी। केंद्र में सत्ता बरकरार रखने के लिए भाजपा को महाराष्ट्र से बड़ी ‘ताकत’ की उम्मीद है। इसी पृष्ठभूमि में भाजपा ने सांसदों के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए आंतरिक सर्वे कराया है।

अभी दो दिन पहले गरवारे क्लब में भाजपा के सभी विधायकों और सांसदों की एक बैठक हुई, बैठक में राष्ट्रीय सहकार मंत्री शिव प्रकाश, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस और प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले उपस्थित रहे। इस बैठक में सांसदों और विधायकों को एक सीलबंद लिफाफा दिया गया, जिसमें उनके निर्वाचन क्षेत्रों में प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी गई थी। राज्य में भाजपा के 23 लोकसभा सांसद हैं, इनमें से 5 से 7 सांसदों का प्रदर्शन औसत है और अगर इसमें सुधार नहीं हुआ तो अगले चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया जायेगा।

भाजपा के कुछ सांसद अपने वोटरों, स्थानीय अधिकारियों से नाराज हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक इसमें मुंबई की सांसद पूनम महाजन, मनोज कोटक का नाम शामिल है। मुंबई में छह लोकसभा सीटें हैं इनमें से तीन सीटें भाजपा के पास हैं, इनमें से केवल दो सीटें भाजपा जीत सकती है। महाजन उत्तर मध्य निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, और वह 2014 से सांसद हैं। भाजपा का सर्वे बताता है कि आशीष शेलार और विनोद तावड़े अपने क्षेत्र में मजबूत उम्मीदवार हो सकते हैं।

मातोश्री की नाराजगी के चलते भाजपा नेतृत्व ने पिछले चुनाव में किरीट सोमैया का टिकट काट दिया था। लेकिन इसके बाद भी वह पार्टी के लिए बराबर सक्रिय रहे। 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा-सेना गठबंधन टूट गया, तब से भाजपा के पुल के नीचे काफी पानी निकल चुका है। जहां कोटक का प्रदर्शन संदिग्ध है, वहीं सोमैया सक्रिय बने हुए हैं। इसलिए सोमैया को उत्तर पूर्व मुंबई सीट से एकबार फिर मौका दिया जा सकता है।

पार्टी गोपाल शेट्टी के प्रदर्शन से संतुष्ट है, जो उत्तर मुंबई से सांसद हैं। निर्वाचन क्षेत्र में शेट्टी का प्रदर्शन अच्छा है, उनका जनसंपर्क भी बेहतरीन है। इनकी लोकप्रियता भी अच्छी है, इसलिए इस बात की पूरी संभावना है कि उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट मिलेगा। वह 2014 से इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon