अपराधी को पकड़ने गई मुंबई पुलिस पर पथराव

Spread the love

अपराधी को पकड़ने गई मुंबई पुलिस पर पथराव

ईरानी बस्ती की टोली ने पुलिस जवानों पर किया हमला

कल्याण – एक अपराधी को गिरफ्तार करने गई मुंबई की डीएन नगर पुलिस पर ईरानियों ने पथराव कर दिया। घटना कल्याण के नजदीक आंबिवली के ईरानी बस्ती की है। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान को खतरे में डालकर एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया। बतादें कि इससे पहले भी ईरानी बस्ती में पुलिस पर हमला किए जाने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक 10 अगस्त को मुंबई के अंधेरी में कुछ अज्ञात लोगों ने फर्जी पुलिस बनकर एक व्यक्ति को ठगा था। अंधेरी की डीएन नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। सीसीटीवी खंगालने पर आरोपियों में से एक की पहचान फिरोज खान के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक फिरोज एक शातिर अपराधी है, जो कल्याण के पास आंबिवली की ईरानी बस्ती का रहने वाला है। पुलिस ने फिरोज को पकड़ने का प्लान बनाया। डीएन नगर पुलिस के जवान वेश बदलकर ईरानी बस्ती पहुंचे। सबसे पहले बुर्का पहनकर एक महिला पुलिसकर्मी बस्ती में दाखिल हुई। उसने देखा कि फिरोज एक सलून की दुकान में शेविंग करवा रहा था। महिला पुलिसकर्मी ने साथी पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी। पुलिस के जवान बड़ी चालाकी से पुलिस वैन नहीं बल्कि स्कूल वैन लेकर बस्ती में दाखिल हुए और फिरोज को दबोच लिया। इस दौरान फिरोज के परिजनों एवं ईरानी बस्ती के ईरानियों की टोली ने पुलिसकर्मियों पर पथराव करना शुरु कर दिया। पुलिस और ईरानियों के बीच झड़प हुई। यह सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

पहले भी कई बार हो चुका पुलिस पर हमला

बतादें कि जब भी पुलिस ईरानी बस्ती में किसी को पकड़ने या कार्रवाई करने जाती है, तो ईरानी, पुलिस पर हमला कर देते हैं। 2008 में हुई एक घटना के दौरान पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए फायरिंग की थी, जिसमें दो ईरानियों की मौत हो गई थी। आखिर आंबिवली से ईरानियों की दहशत कब कम होगी, यह बड़ा सवाल उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Right Menu Icon