सोशल मिडिया के जरिये ग्राहकों की तलाश कर गांजा बेचने के आरोप में युवक गिरफ्तार। नवघर पुलिस द्वारा आरोपी से 400 ग्राम गांजा जब्त
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – मुलुंड नवघर पुलिस ने 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया के जरिये ग्राहक ढूंढकर गांजा बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी युवक के कब्जे से गांजा बरामद कर लिया है और पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। गिरफ्तार युवक का नाम शुभम घाडिगांवकर है और वह मुलुंड के नवघर इलाके में रहता है। दो दिन पहले जब पुलिस नवघर इलाके में नाकाबन्दी कर वाहनों की जांच कर रही थी, तब शुभम दोपहिया वाहन पर वहां आया। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी लेकिन वह पुलिस को देखकर भाग निकला। पुलिस ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा जब उसकी तलाशी ली गई तब उसकी बाइक से 400 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने जब उससे गहनता से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि वह सोशल मीडिया पर ग्राहक तलाशकर गांजा बेचने का काम करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उस आरोपी की तलाश में जुट गई है, जो शुभम को गांजा सप्लाई किया करता है।