देश डुबाने वालों के हाथ में सत्ता की चाभी क्यों? राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए – संजय राऊत 

Spread the love

देश डुबाने वालों के हाथ में सत्ता की चाभी क्यों? राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए – संजय राऊत 

भाजपा के आरोपों का हवाला देते हुए संजय राऊत का प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला 

योगेश पाण्डेय – संवाददाता 

मुंबई – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह भोपाल से विपक्ष पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा था कि देश में भाजपा के विरोधी देश को डुबाने का प्रयास कर रहे हैं,और इस भाषण के अगले 72 घंटों के भीतर ही महाराष्ट्र के देश को डुबाने वालों ने भाजपा से हाथ मिला लिया और राज्य के मंत्री पद की शपथ ले ली। ठाकरे गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मांग की है कि राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए क्योंकि राज्य देश डुबाने वालों के हाथ में है।

रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राकांपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है,उसकी जांच होनी चाहिए। शरद पवार ने भी यही मांग की है। हम शरद पवार के इस रुख से सहमत हैं। यदि राकांपा ने भ्रष्टाचार किया है तो जिन मन्त्रीयों ने भ्रष्टाचार किया है, उसकी जांच होनी चाहिए।

संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भोपाल में राकांपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि देश को डुबोने वालों से सावधान रहें। जिन लोगों ने देश का पैसा लूटा, बैंकों को डुबोया, वे सभी देश को डुबा देना चाहते हैं। लेकिन उनमें से कुछ भ्रष्टाचारियों को भाजपा ने अपने साथ ले लिया और मंत्री पद की शपथ दिला दी है। महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार राष्ट्रवादियों के हाथ में चली गयी है। इस सरकार को बर्खास्त करें जैसा कि प्रधानमंत्री कहते हैं, और इन पर कार्रवाई की जानी चाहिए, जैसा कि प्रधानमंत्री कहते हैं, अन्यथा देश डूब जाएगा।

संजय राउत ने आगे कहा कि भाजपा ने पूरे देश में क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म करने का काम शुरू कर दिया है, ये भाजपा की साजिश है। जिसके तहत राजनितिक पार्टीयों को तोड़ना, सांसदों और विधायकों को खरीदना, उन्हें अपनी पार्टी में लाना और उनके भ्रष्टाचारों को साफ करने का काम चल रहा है।

संजय राउत ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री देश डुबाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे क्योंकि देश डुबाने वाले अब सत्ता में शामिल हो गये हैं। प्रदेश में भाजपा के नेता इन देश डुबाने वालों की पूजा कर रहे हैं, यह भाजपा का असली चेहरा है। 70 हजार करोड़ का सिंचाई घोटाला किसने उजागर किया? इसका जिक्र खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। अब प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि ऐसा क्या हो गया कि जो देश को डुबाने वाले थे उन्हीं के हाथों में राज्य के वित्त मंत्री का पद दिया जा रहा है। देश डुबाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, बावजूद इसके अब उन्हीं को राजकोष की तिजोरी सौंपी जा रही है।

भाजपा के एक वफ़ादार नेता किरीट सोमैया ने कागल विधानसभा से विधायक हसन मुश्रीफ पर हजारों करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। ‘ईडी’ ने उनकी गिरफ्तारी की पूरी तैयारी भी कर ली थी, मुश्रीफ आतंरिम जमानत पर बाहर थे। वह भी अजित पवार के साथ भाजपा में शामिल हो गए और मंत्री बन गए। ये फड़नवीस और सोमैया ही थे जिन्होंने छगन भुजबल के खिलाफ प्रचार किया था। दिलीप वलसे-पाटिल, धनंजय मुंडे भी भाजपा में चले गए। भाजपा में शामिल होने के बाद अब ये सभी चैन की नींद सोयेंगे। केंद्रीय जांच एजेंसियों को भाजपा द्वारा राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। जेबकतरों को जेल में डाला जा रहा है, और बड़े गुनाहगारों को भाजपा में शामिल कर लिया जा रहा है। कल के देश डुबाने वाले एक ही रात में कैसे देशभक्त बन जाते हैं ये भाजपा ने महाराष्ट्र में साबित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Right Menu Icon