
उद्धव ठाकरे की भाजपा को चुनौती, मनपा चुनाव में शिवसेना को हरा कर दिखाएं अमित शाह
क्या मुजरा करने दिल्ली जाते हैं एकनाथ शिंदे, फॉक्सकॉन-वेदांता सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट को वापस लाने के लिए क्यों नहीं करते प्रधानमंत्री से बात
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जोरदार निशाना साधा है। उद्धव ठाकरे ने शिंदे के दिल्ली दौरे को मुजरा करार देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के प्रोजेक्ट दूसरे राज्यों में क्यों जा रहे हैं? वह इस बारे में पीएम मोदी से बात क्यों नहीं करते हैं, क्या उन्हें बोलने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को पिछली सरकार पर आरोप लगाने के बजाय फॉक्सकॉन-वेदांता सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट को वापस लाने के लिए प्रयास करना चाहिए। इसके साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री ने शिवसेना की स्थिति का अंदाजा लगाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी चुनौती दे डाली है।
उन्होंने कहा कि राज्य के व्यापक हित के लिए सत्ता और विपक्ष दोनों को साथ आना चाहिए और परियोजना को वापस लाना चाहिए। मुंबई में शिवसेना विभाग प्रमुखों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने आगामी मुंबई महानगर पालिका चुनाव में भाजपा को उनकी पार्टी को हराने की चुनौती दी और कहा कि मुंबई के साथ शिवसेना का संबंध अटूट है।
उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी पर 1.54 लाख करोड़ रुपये की वेदांता-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर परियोजना के बारे में झूठ बोलने का भी आरोप लगाया, जिसे गुजरात में स्थानांतरित कर दिया गया है। गोरेगांव उपनगर में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि केंद्र सरकार इस परियोजना को भाजपा शासित राज्य में स्थानांतरित करने के बाद भारी प्रोत्साहन दे रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पार्टी से मुंबई महानगर पालिका चुनावों में शिवसेना को उसकी जगह दिखाने की बात कही है। मैं आपको इसे आजमाने की चुनौती देता हूं। मुंबई शहर के साथ शिवसेना का रिश्ता अटूट है और पार्टी आम मुंबई वासियों के दैनिक जीवन से गहराई से जुड़ी हुई है। जब भी आवश्यकता होती है, हम उनकी मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं।
ठाकरे ने वंशवाद की राजनीति के लिए शिवसेना को निशाना बनाने को लेकर भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, मुझे संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में भाग लेने वाले अपने परिवार पर गर्व है। कोविड महामारी के दौरान भ्रष्टाचार के भाजपा के आरोपों की ओर इशारा करते हुए कहा, अगर जानें बचाना भ्रष्टाचार है तो हमने यह भ्रस्टाचार किया है।