
पंजाब पुलिस का बड़ा खुलासा, मूसेवाला से पहले सलमान खान की हत्या का था प्लान
लॉरेंस गैंग ने 3 महीने में 2 बार किया था कोशिश, पनवेल फार्म हाउस के रास्ते में ही मारने की थी तैयारी। लॉरेंस गैंग के शार्प शूटर कपिल पंडित ने खोले राज
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – फ़िल्म अभिनेता सलमान खान पिछले 4 वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। इस गैंग ने इन 4 सालों में सलमान खान की हत्या करने की 4 बार कोशिशें कीं। अब पंजाब पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में नया खुलासा किया है। इसके अनुसार लॉरेंस गैंग ने पिछले तीन महीने में सलमान खान पर हमले की दो और कोशिशें कीं। गैंग ने सलमान को उनके फार्म हाउस के रास्ते में मारने का प्लान बनाया था।
पुलिस ने बताया कि गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने से पहले लॉरेंस ने सलमान को मारने की प्लानिंग की थी। प्लान A के फेल हो जाने के बाद गैंग ने प्लान B तैयार किया था। इस प्लान को गोल्डी बराड़ लीड कर रहा था। गोल्डी ने सलमान की हत्या करने के लिए लॉरेंस गैंग के शार्प शूटर कपिल पंडित को चुना था और यह तय हुआ था कि पनवेल फार्महाउस जाने के समय ही सलमान खान की हत्या किया जाए।
मुंबई के पनवेल में कपिल पंडित, सन्तोष जाधव, दीपक मुंडी और बाकी शूटर्स एक किराए का कमरा लेकर रुकने गए थे, क्योंकि यहीं सलमान का फार्म हाउस है। इस रास्ते में लॉरेंस के शूटर्स ने रेकी कर कमरा लिया था और यहां करीब डेढ़ महीने तक रुके भी थे। लॉरेंस गैंग के इन सभी शूटर्स ने कमरे में सलमान पर अटैक करने के लिए छोटे हथियार, पिस्टल और कारतूस रखे थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार शूटर्स ने यह भी पता किया था कि सलमान खान हिट एंड रन मामले के बाद से गाड़ी की स्पीड कम रखते हैं। सलमान जब भी पनवेल में अपने फार्महाउस पर आते हैं, तब उनके साथ शेरा ही मौजूद होता है।
दरअसल, पंजाब पुलिस ने शूटर कपिल पंडित को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया था। उसी ने पूछताछ में सलमान की हत्या की साजिश का खुलासा किया और पूरी साजिश के बारे में बताया।
लॉरेंस ने 2018 में जोधपुर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान सलमान को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सलमान सिर्फ दो बार ही जोधपुर में कोर्ट पेशी पर आए। दोनों बार उनकी सुरक्षा सख्त रखी गई। हाल ही में सलमान के वकील को भी धमकी भरा लेटर मिला था। ऐसा ही लेटर उनके पिता सलीम खान को भी मिल चुका है। इसके बाद यह आशंका जताई जा रही थी कि ये लेटर लॉरेंस ने ही भेजे थे।
लॉरेंस गैंग सलमान खान को मारने के लिए पहले भी 4 बार प्लानिंग कर चुका है। सबसे पहले लॉरेंस ने शूटर संपत नेहरा को 2018 में सलमान को मारने के लिए मुंबई भेजा था। संपत के पास पिस्टल थी। सलमान पिस्टल की रेंज से काफी दूर रह गए। ऐसे में वह मार नहीं पाया। इसके बाद ज्यादा रेंज वाली एक राइफल चार लाख रुपए में खरीद कर संपत को दी गई। वह सलमान को मार पाता, उससे पहले ही पकड़ा गया। इसके बाद लॉरेंस ने दो बार और कोशिशे कीं, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया।
लॉरेंस सलमान के काले हिरण शिकार मामले को लेकर नाराज है। वह तभी से सलमान की हत्या करना चाहता है। सलमान 24 साल से काले हिरण के शिकार प्रकरण में कोर्ट के चक्कर लगा रहे हैं। हाल ही में लॉरेंस ने कबूला था कि उसकी कम्युनिटी काले हिरण के शिकार के खिलाफ है। इस कारण वो सलमान की जान लेना चाहता है।