
लापरवाही या मिलीभगत, गोवंडी के बालसुधार गृह से 6 लड़कियां फरार। जांच में जुटी शिवाजी नगर पुलिस
योगेश पाण्डेय – संवाददाता
मुंबई – मुंबई के गोवंडी इलाके में बने सरकारी बालिका विशेष पुनर्वास केंद्र से छह नाबालिग लड़कियां भाग गईं। घटना रविवार रात और सोमवार तड़के की है। लड़कियों ने भागने के लिए हॉस्टल के बाथरूम में बनी सीमेंट की खिड़की को पत्थर से तोड़ दिया। इसके लिए सुबह 3 से 4 बजे का वक्त चुना। भागने से पहले लड़कियों ने सिक्योरिटी गार्ड के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया ताकि वह उनका पीछा न कर सके।
शिवाजी नगर पुलिस के मुताबिक किसी बाहरी शख्स ने लड़कियों को भागने में मदद की है। क्योंकि उसी ने खिड़की के आगे लगी लोहे की ग्रिल को हटा दिया था। घटना का पता चलते ही हॉस्टल रजिस्टर से पता लगाया गया कि कौन-कौन हॉस्टल में है और कौन नहीं, इसके बाद इन 6 लड़कियों की पहचान की गई। पुलिस ने लड़कियों के मददगार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
मुंबई में अलग-अलग जांच एजेंसी मानव तस्करी, भीख मंगवाने वाले गैंग जैसे अवैध काम करवाने वालों के खिलाफ काम करती है। ये लोग वहां से नाबालिग बच्चियों को रेस्क्यू गोवंडी के इसी हॉस्टल में रखते हैं। पुलिस इन लड़कियों का पता लगाने के लिए उसी जगह जांच करने वाली है जहां से उनका रेस्क्यू किया गया था। वहीं मददगार का पता लगाने मुंबई पुलिस अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने में जुट गई है।